Newshaat_Logo

किसने पीएम मोदी की माँ को दी गाली कांग्रेस या भाजपा खुद? देखिये गुस्साए पीएम ने क्या कहा...

 
PM Narendra Modi

Jharkhand Desk: इरफान अंसारी भारत के झारखण्ड राज्य की जामताड़ा सीट से इंडियन नेशनल कांग्रेस के विधायक हैं. कांग्रेस के मंत्री इरफान अंसारी ने एक बड़ा बयान देकर झारखंड से लेकर बिहार तक के सियासी बहस को गर्मा दिया है. दरअसल, उन्होंने आरोप लगाया है कि पीएम मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाला व्यक्ति कांग्रेस का नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी का खुद एक कार्यकर्ता था. 

Irfan Ansari

अंसारी ने कहा कि भाजपा खुद इस मुद्दे को हवा दे रही है और इसे राजनीति में खुद इस्तमाल करने की कोशिश की जा रही है. उनके मुताबिक, कांग्रेस की विचारधारा और संस्कार में किसी की मां का अपमान करना संभव ही नहीं है. उन्होंने दावा किया कि जांच में यह साफ हुआ है कि आरोपी भाजपा से जुड़ा हुआ है और उनके पास इसके सबूत के तौर पर तस्वीरें और पार्टी झंडे से जुड़े प्रमाण मौजूद हैं.

इरफान अंसारी का बयान 
मंत्री अंसारी ने कहा, “हमको समझ नहीं आता कि मां का मुद्दा कहां से आ गया. बीजेपी ने खुद मोदी जी की मां को गाली दिलवाई.  यह कांग्रेस का कार्यकर्ता नहीं था. कांग्रेस की परवरिश और संस्कार में मां का सम्मान करना सिखाया जाता है. जिसने भी यह कुकृत्य किया, जांच में पाया गया कि वह भाजपा का कार्यकर्ता था. भाजपा ने पैसे देकर यह सब कराया ताकि मुद्दा बनाया जा सके.”

उन्होंने आगे कहा कि मां चाहे किसी की भी हो, उनका सम्मान होना चाहिए “मोदी जी की मां हो या किसी और की, मां मां होती है. हम उसका सम्मान करते हैं.”

कांग्रेस कार्यालय पर हमले का आरोप
इरफ़ान अंसारी ने बिहार में कांग्रेस कार्यालय पर हुए हमले की भी निंदा की. उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग लोकतंत्र की मर्यादा तोड़ रहे हैं. “कांग्रेस का कार्यालय हमारे लिए मंदिर है. भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहां हमला किया और हमारे लोगों को मारा.  लोकतंत्र में ऐसा कभी नहीं हुआ.  भाजपा का काम है भड़काना और लड़ाई कराना. ”


आपको बता दे, बिहार में इस साल के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासत चरम पर है. दरअसल, यह मुद्दा तब से सुर्खियों में आया जब दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस-आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था. इस मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए. मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है. 

Congress RJD Railly

प्रधानमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बिहार की महिलाओं को किफायती ब्याज दरों पर धन तक आसान पहुंच प्रदान करने के लिए सहकारिता का डिजिटल तरीके से उद्घाटन किया. इसके बाद संबोधन के दौरान उन्होंने अपनी मां को दी गई गाली का जिक्र किया. उन्होंने बिहार की जनता को संबोधित करते हुए कहा, मां ही तो हमारा संसार होती है, मां ही हमारा स्वाभिमान होती है.  बिहार में कुछ दिनों पहले जो हुआ, उसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी. बिहार में आरजेडी-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं. ये गालियां सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है, ये देश की मां-बहन-बेटी का अपमान है.

सियासी असर
प्रधानमंत्री के बयान पर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि, यह साजिश भाजपा की ओर से की जा रही है ताकि यात्रा के असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके. वहीं अंसारी के इस बयान से बिहार और झारखंड की राजनीति में नया मोड़ आ गया है. जहां भाजपा इसे कांग्रेस की सफाई बताकर बचाव की कोशिश मान रही है, वहीं कांग्रेस नेता भाजपा पर उग्र राजनीति का आरोप लगा रहे हैं. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और गरमाने की संभावना है. 

गिरफ्तार किया जा चुका है युवक
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले शख्स को दरभंगा में पुलिस ने बीते गुरुवार की रात गिरफ्तार कर लिया है. दरभंगा के रहने वाले रिजवी ने कांग्रेस की रैली के दौरान पीएम मोदी के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था. इसके बाद बवाल इतना बढ़ा गया कि शुक्रवार को पटना में कांग्रेस कार्यालय के बाहर जब बीजेपी के कार्यकर्ता और नेता विरोध मार्च निकालते हुए पहुंचे तो यहां झड़प हो गई. कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट शुरू हो गई.