कौन मारेगा बाजी और किसे मिलेगी हार, राज्यसभा चुनाव के नतीजों का इंतजार खत्म होने को...
Ranchi: झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता चरम पर है. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब वोटों की गिनती जारी है. सभी दलों के नेताओं और समर्थकों की निगाहें मतगणना केंद्र पर टिकी हुई हैं, जहां कुछ ही देर में यह स्पष्ट हो जाएगा कि राज्यसभा की सीट पर जीत का ताज किसके सिर सजेगा.

इस चुनाव में प्रमुख उम्मीदवारों के रूप में परिमल नथवाणी और प्रणव झा के नाम चर्चा में हैं. मतगणना के दौरान हर राउंड के साथ राजनीतिक समीकरणों पर नजर रखी जा रही है. सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं.
झारखंड के सभी 81 विधायकों ने वोट डाला. वोटिंग सुबह 9 बजे से शुरू हुई और शाम 4 बजे तक चली. 2 राज्यसभा सीटों के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं. झामुमो की ओर से बैजनाथ राम, कांग्रेस की तरफ से प्रणव झा और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परिमल नथवाणी चुनाव लड़ रहे हैं.
वोटों की गिनती शुरू, कुछ देर में आएगा फैसला
झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर वोटों की गिनती शुरू हो गई है. काउंटिंग समाप्त होने के बाद रिजल्ट सामने आएगा. पहली सीट पर बैजनाथ राम जीत मानी जा रही है. जबकि दूसरी सीट पर कांग्रेस के प्रणव झा और एनडीए समर्थित परिमल नथवाणी के बीच मुकाबला है.
नाथवाणी ने अपनी जीत का किया दावा
भाजपा के मुख्य सचेतक और सबसे पहले मतदान करने वाले नवीन जायसवाल ने कहा, पार्टी के 21 विधायकों और आजसू पार्टी, जदयू और लोजपा (रामविलास) के एक-एक विधायक ने राजग समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवाणी के पक्ष में मतदान किया. नाथवाणी ने अपनी जीत पर भरोसा जताते हुए कहा, मुझे सभी पार्टियों का समर्थन है और जीत का भरोसा है. शाम तक सब स्पष्ट हो जाएगा.
राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए मतदान के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भाजपा विधायकों के साथ बातचीत करते और चाय का आनंद लेते हुए देखा गया.
सभी 81 विधायकों ने किया मतदान
झारखंड के सभी 81 विधायकों ने वोट डाला. पहला वोट BJP विधायक नवीन जायसवाल ने और आखिरी वोट JMM विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने डाला.
राज्यसभा चुनाव में JMM के विधायकों ने भी वोट किया. JMM के 34 विधायकों ने वोट डाला.
डुमरी विधायक जयराम महतो भी विधान सभा पहुंचे. उन्होंने कहा काफी आत्ममंथन करके आया हूं.
जयराम महतो ने कहा जिसको भी वोट करूंगा उम्मीद है कि वो झारखंड के लिए काम करेंगे.
कांग्रेस विधायकों ने डाला वोट
सीएम हेमंत सोरेन के पहुंचने के बाद कांग्रेस विधायकों ने डाला वोट. कांग्रेस के 16 विधायकों ने वोट किया.







