Movie prime

झारखंड के लिए आज का दिन क्यों है खास और क्या है जनजातीय गौरव दिवस? BJP द्वारा निकाली गई शोभा यात्रा में बाबूलाल मरांडी ने बताया...

Jharkhand Desk: ऐसे महापुरुषों को कहीं ना कहीं हम भुला दिए थे. ऐसे योगदान को नमन करते हुए यह दिन जनजातीय राष्ट्रीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के लिए 2023 में केंद्र सरकार ने इसकी शुरुआत की थी.
 
Jharkhand News
Jharkhand Desk: झारखंड स्थापना दिवस के साथ-साथ आज राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस भी है. इस मौके पर राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. भाजपा के द्वारा भी राजधानी रांची और खूंटी के अलावे राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. राजधानी रांची के ओल्ड जेल कैंपस स्थित बिरसा संग्रहालय से कोकर के बिरसा समाधि स्थल तक शोभा यात्रा निकाली गई.
शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित सभी नेताओं ने इस दौरान बिरसा मुंडा को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज के दिन को इसलिए जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है क्योंकि हमारे जनजातीय समाज में ऐसे शख्स ने जन्म लिया, जिन्होंने देश की आजादी के लिए राष्ट्रीय आंदोलन में अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन करते हुए अपने प्राण तक न्योछावर कर दिए थे.
ऐसे महापुरुषों को कहीं ना कहीं हम भुला दिए थे. ऐसे योगदान को नमन करते हुए यह दिन जनजातीय राष्ट्रीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के लिए 2023 में केंद्र सरकार ने इसकी शुरुआत की थी. उन्होंने कहा कि आज राज्य के स्थापना दिवस के साथ-साथ भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती है. इसलिए हम सभी के लिए आज का दिन खास है.
जनजातीय राष्ट्रीय गौरव दिवस पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित शोभायात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शामिल हुए. इस मौके पर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि जो हमारे आदिवासी समाज के लोगों ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ योगदान दिए, बलिदान दिए उन्हें इतिहास के पन्नों में वो स्थान नहीं मिला जो मिलना चाहिए था.
देश की जनता ने साल 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानसेवक के रूप में बनाया. इसके बाद उन्होंने ऐसे महापुरुषों को याद करने का काम किया. उन्होंने कहा कि आजादी के 55 वर्षों तक भगवान बिरसा मुंडा का यह स्थल यूं ही पड़ा रहा, मगर जब राज्य में डबल इंजन की सरकार बनी तो इस बिरसा स्थल को संग्रहालय बनाने का काम किया गया, जो आज भव्य रूप में है. इस शोभा यात्रा में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, भाजपा विधायक सी पी सिंह, भाजपा विधायक नीरा यादव, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल आदि नेता शामिल थे.