नवंबर के आखिरी दिनों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड? मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट
Jharkhand Weather Update: झारखंड में अब ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। नवंबर के आखिरी सप्ताह में तापमान में बड़ी गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ने की संभावना है।

सुबह कोहरा, दिन में खिली रहेगी धूप
बुधवार, 25 नवंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। रांची, जमशेदपुर समेत कई जिलों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा या धुंध देखने को मिल सकती है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा और धूप निकलने की संभावना है। फिलहाल मौसम विभाग ने बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।
रांची में 14 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 24 नवंबर को रांची का अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं डालटनगंज में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री, बोकारो में 16 डिग्री, हजारीबाग में 13.7 डिग्री और धनबाद में 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन जिलों में दिखेगा कोहरे का असर
रांची, जमशेदपुर, पलामू, बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ में सुबह के वक्त कोहरा या धुंध छाने की संभावना है। वहीं गढ़वा, चतरा, लातेहार, खूंटी और लोहरदगा समेत कई जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह
मौसम में बदलाव के साथ सुबह जल्दी और देर रात बाहर निकलने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। अगले तीन दिनों में तापमान गिरने से ठंड का असर और तेज हो सकता है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों को खास ध्यान रखने तथा पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है।







