“महिलाओं के आत्मसम्मान से समझौता नहीं”- मंगलसूत्र मुद्दे पर भाजपा पर बरसे इरफान अंसारी
Jharkhand: महिलाओं के अधिकार और सम्मान को लेकर सियासत तेज हो गई है. इस मुद्दे पर झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस महिलाओं के मंगलसूत्र की सुरक्षा करेगी और उनके सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं होने देगी.
पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और जनता को धोखा देने का आरोप लगाया.
इस मौके पर मंत्री इरफान अंसारी ने भी केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने बीजेपी पर हिंदू-मुस्लिम की लड़ाई लड़ाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती है.
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा केवल महिलाओं के मुद्दों पर राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस जमीन पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए काम कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियों से महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी. महिलाओं के आत्मसम्मान से जुड़ा मंगलसूत्र केवल एक आभूषण नहीं, बल्कि उनकी गरिमा और संस्कृति का प्रतीक है, जिसकी रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता है.
मंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं.







