Newshaat_Logo

शहरी निकाय चुनाव को लेकर JMM ने BJP और Congress पर लगाया आरोप कहा, खुलेआम कर रही आचार संहिता का उल्लंघन, निर्वाचन आयोग से की कार्रवाई की मांग

Ranchi: भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार तथा उनके नेता पार्टी के नाम, चुनाव चिह्न और सिंबल का इस्तेमाल कर प्रचार कर रहे हैं.
 
Jharkhand
Ranchi: झारखंड में शहरी निकाय चुनाव की सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है. राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को मतदान होना है, जिसके साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है.
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के नेताओं पर खुलेआम आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि दोनों दल खुलकर दलीय प्रचार कर रहे हैं, जबकि चुनाव गैर-दलीय आधार पर होने हैं.
भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार तथा उनके नेता पार्टी के नाम, चुनाव चिह्न और सिंबल का इस्तेमाल कर प्रचार कर रहे हैं.
एक मेयर प्रत्याशी के प्रचार में पार्टी सिंबल तक दिखाया जा रहा है. उन्होंने कहा, "हम संयम बरत रहे थे, क्योंकि झामुमो नहीं चाहता था कि आचार संहिता का उल्लंघन हो, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने नियमों को ताक पर रख दिया है."
झामुमो नेता ने मांग की कि राज्य निर्वाचन आयोग को इसका संज्ञान लेना चाहिए और उचित कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ने दलीय चेतना के साथ चुनाव लड़ने की बात कही थी, लेकिन दलीय आधार पर नहीं.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने रांची के व्यापारिक वर्ग से अपील की है कि वे राजधानी रांची के विकास में रुचि दिखाएं. उन्होंने याद दिलाया कि कुछ दिन पहले चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि राज्य के विकास के लिए मुख्यमंत्री के साथ दावोस गए थे.
अब उन्हें राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सौगातों को जनता तक पहुंचाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर निकाय में हमारा नेतृत्व रहा तो शहर का विकास चार चरणों पर तेजी से आगे बढ़ेगा.
झामुमो नेता ने वाम दलों से भी अपना रुख साफ करने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है. मतदान प्रतिशत बढ़ाना जरूरी है और सभी को अपना उत्तरदायित्व समझना चाहिए.
हर एक वोट लोकतंत्र को मजबूत करेगा. भट्टाचार्य ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर मतदान करें.