21 जून को सरकारी स्कूलों में होगा योग कार्यक्रम, सभी जिलों को भेजे गए निर्देश
Ranchi: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार (21 जून) होने के बावजूद झारखंड सरकार के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय खुले रहेंगे. राज्य सरकार के निर्णय के बाद शिक्षा विभाग के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है. जारी पत्र के अनुसार राज्य के सभी कोटि के सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक खुले रहेंगे और इस अवसर पर सभी शिक्षक एवं शिक्षकर्मी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे.
![]()
20 और 21 जून को सभी विद्यालय खुले रहेंगे
विद्यालय में मध्यान्न भोजन का संचालन नहीं करने का निर्देश दिया गया है. राज्य परियोजना निदेशक ने निर्देशित करते हुए कहा है कि विद्यालयों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 के अवसर पर संचालित होने वाले योग संबंधी गतिविधियों के संबंधित आंकड़े, फोटोग्राफ एवं अन्य विवरणी को सभी जिला द्वारा उपलब्ध कराया जाए. जारी पत्र के अनुसार तृतीय शनिवार 20 जून और 21 जून रविवार को सभी विद्यालय खुले रहेंगे.

योग दिवस पर सरकारी कार्यक्रम होंगे आयोजित
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सरकारी एवं गैर सरकारी स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं इसको लेकर व्यापक तैयारियां की गई है. राज्य सरकार के कर्मियों द्वारा अलग-अलग स्थान पर योग दिवस पर सुबह 7:00 बजे से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
सरकारी स्तर पर विभिन्न सामाजिक संगठन के साथ-साथ राजनीतिक दलों के द्वारा भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे. पतंजलि योगपीठ रांची और भारतीय जनता पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में पटेल भवन प्रांगण हरमू में सुबह 6:00 बजे से योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित होगा. पतंजलि योगपीठ रांची के मुख्य संरक्षक और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल बरनवाल ने बताया कि योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व सांसद दीपक प्रकाश और पतंजलि से करण कोइरी शामिल होंगे.







