धनबाद में युवक की बेरहमी से हत्या, सिर कुचलकर अपराधी हुए फरार
Dhanbad: झारखंड के धनबाद जिले में एक युवक की पत्थर से कूचकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला, जबकि पास में उसकी बाइक भी बरामद हुई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह लोगों ने सड़क किनारे खून से लथपथ शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की. युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से कूचकर उसकी हत्या की गई है.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. मृतक की पहचान 21 वर्षीय जितेश रवानी के रूप में हुई है. वह बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के धोवाटांड़ का निवासी था. उसके पिता का नाम चुनचुन रवानी बताया गया है.
'प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है. युवक की हत्या पत्थर से कुचलकर की गई है. घटनास्थल को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है, जो मौके से साक्ष्य एकत्र कर रही है.'- मनोहर करमाली, थाना प्रभारी
पुलिस को घटनास्थल के पास से एक बाइक भी मिली है, जिसके आधार पर मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।







