झारखंड में 04 मई से यूथ कांग्रेस का ‘हर गांव स्मार्ट स्कूल’ अभियान, भाजपा ने उठाए सवाल, कहा– सिर्फ चुनावी स्टंट
Ranchi: झारखंड में सरकारी स्कूली शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने और निजी स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए झारखंड युवा कांग्रेस की रांची महानगर इकाई 04 मई से 04 जून तक "हर गांव-स्मार्ट स्कूल" अभियान शुरू करने जा रही है. रांची महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि राज्य में जिस तरह से निजी स्कूलों की मनमानी बढ़ी है और सरकारी स्कूली व्यवस्था की स्थिति लचर है ऐसे में युवा कांग्रेस की सोच है कि सरकारी स्तर पर हर गांव में स्मार्ट स्कूल खोला जाए. इससे न केवल निजी स्कूलों की मनमानी रुकेगी, बल्कि ग्रामीण स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी उपलब्ध होगी और बच्चों का भविष्य सुधरेगा..
04 मई से 04 जून तक रांची में चलाया जाएगा अभियान
महानगर रांची यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह अभियान पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 04 मई से रांची में शुरू हो रहा है. उसके बाद आनेवाले दिनों में सभी जिलों में युवा कांग्रेस का "हर गांव स्मार्ट स्कूल" अभियान शुरू किया जाएगा.
झारखंड युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है. निजी स्कूल शोषण का अड्डा बन कर रह गया है. री-एडमिशन, किताब कॉपी और ड्रेस के नाम पर अभिभावकों का शोषण किया जा रहा है. ऐसे में युवा कांग्रेस का दायित्व है कि वह बेहतर शिक्षा के लिए अपनी तरफ से अभियान चलाए. उन्होंने बताया कि झारखंड के हर गांव में एक स्मार्ट स्कूल हो जिसमें उसी गांव के बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके. युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सिर्फ रांची शहर से ही 20 हजार लोगों के हस्ताक्षर लेकर राज्य के शिक्षा मंत्री को पत्र सौंपेंगे.
यूथ कांग्रेस की मुहिम को भाजपा ने बताया ढपोरशंख
युवा कांग्रेस के "हर गांव स्मार्ट विलेज" अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि राज्य की सत्ता में कांग्रेस मुख्य साझीदार पार्टी है. ऐसे में कांग्रेस को सरकार पर दबाव डाल कर मुहिम चलाने की जगह गांव में स्मार्ट स्कूल खुलवाना चाहिए. अविनेश कुमार सिंह कहा कि नीतिगत मामले में यह सरकार फेल है. युवा कांग्रेस राज्यवासियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए इस तरह का अभियान चलाती है.







