बंगाल में 1 लाख सरकारी नौकरियां! पुलिस में 16 हजार, शिक्षा विभाग में 34 हजार भर्ती...बड़ा ऐलान...
Kolkata: पश्चिम बंगाल सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक विभिन्न सरकारी विभागों में करीब एक लाख पदों पर सीधी नियुक्ति करने की योजना को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को नबान्न में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में नियुक्ति प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। नियुक्तियां अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 के बीच चरणबद्ध तरीके से किए जाने की बात कही गई है।

सरकार के अनुसार, नियुक्तियां राज्य के 54 सरकारी विभागों में रिक्तियों और विभागीय जरूरतों के आधार पर की जाएंगी। इस भर्ती अभियान में पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में पद शामिल हैं।
पुलिस विभाग में 16 हजार पद
कैबिनेट के फैसले के अनुसार, पश्चिम बंगाल पुलिस में 12 हजार और कोलकाता पुलिस में 4 हजार पदों पर नियुक्ति की जाएगी। यानी दोनों पुलिस बलों में कुल 16 हजार पद भरे जाने की योजना है।
इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग में करीब 34 हजार शिक्षक और शिक्षाकर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। शेष पदों पर भर्ती अलग-अलग सरकारी विभागों की रिक्तियों और जरूरत के अनुसार की जाएगी।
सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया को वित्त वर्ष 2026-27 की समाप्ति से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा है। हालांकि, अलग-अलग पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया, पात्रता और आवेदन की तारीखें संबंधित भर्ती एजेंसियों की ओर से अलग-अलग जारी की जाएंगी।
डॉ. बीआर आंबेडकर के नाम पर नया विश्वविद्यालय
कैबिनेट बैठक में राज्य में डॉ. बीआर आंबेडकर के नाम पर नया विश्वविद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके लिए आगामी विधानसभा सत्र में विधेयक पेश किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की स्थापना से संबंधित स्थान, आधारभूत ढांचे और शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की समय-सीमा को लेकर विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी। कैबिनेट के अन्य फैसलों में निमतौरी, पूर्व मेदिनीपुर में आधुनिक सुधार गृह के निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है।
अलग आयुष विभाग के गठन को मंजूरी
राज्य मंत्रिमंडल ने अलग आयुष विभाग गठित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इस विभाग के दायरे में आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी चिकित्सा पद्धतियां आएंगी।
सरकार के मुताबिक, अलग विभाग बनने से इन चिकित्सा प्रणालियों के लिए स्वतंत्र प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी। रिपोर्टों के अनुसार, विभाग के गठन की प्रक्रिया अगले कुछ महीनों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
भर्ती प्रक्रिया पर उम्मीदवारों की नजर
सरकार की ओर से भर्ती की घोषणा के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर संबंधित भर्ती एजेंसियों की आधिकारिक अधिसूचनाओं पर रहेगी। अलग-अलग पदों के लिए आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया की जानकारी आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।







