Newshaat_Logo

MLC चुनाव में BJP को 6, SP को 5 सीटें; अब अमित शाह के दौरे पर अखिलेश का निशाना, कहा- 'बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते'

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लखनऊ पहुंचने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, ''बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते।'' दरअसल, अमित शाह ने लखनऊ में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी.
 
UP POLITICS

UP Politics:  उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लखनऊ दौरे के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते।’ अखिलेश की इस एक लाइन वाली पोस्ट को अमित शाह के यूपी दौरे और हालिया एमएलसी चुनाव परिणामों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Amit Shah के इस बयान पर भड़के Akhilesh Yadav, याद दिलाई 30 जनवरी की बात -  Akhilesh Yadav Reaction to Amit Shah democracy murder day Post

दरअसल, अमित शाह आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की रणनीति का जायजा लेने लखनऊ पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। शाह के दौरे को 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

MLC चुनाव में पांच सीटें जीतकर उत्साहित सपा

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव में भाजपा ने छह और समाजवादी पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने पांच सीटों पर जीत हासिल की है। नतीजों के बाद अखिलेश यादव ने इसे सपा की मजबूत होती राजनीतिक स्थिति का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि 2020 के चुनाव में पार्टी को केवल तीन सीटें मिली थीं, जबकि इस बार पांच सीटों पर जीत मिली है।

अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा को प्रदेश के लगभग 50 जिलों में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने चुनाव परिणामों को भाजपा के लिए झटका बताते हुए इसे डबल इंजन सरकार के खिलाफ जनता के रुख से जोड़ने की कोशिश की।

वाराणसी में नतीजों को लेकर भाजपा पर हमला

सपा अध्यक्ष ने वाराणसी के चुनाव परिणामों को लेकर भी भाजपा को घेरा। उनके मुताबिक, यहां पार्टी का चुनावी समीकरण बिगड़ गया। सपा के आशुतोष सिन्हा ने फिर जीत दर्ज की, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लाल बिहारी यादव लगातार दूसरी बार विजयी हुए। अखिलेश ने वाराणसी के नतीजों पर भाजपा के खिलाफ ‘डबल जीरो’ का तंज कसा।

वहीं, आगरा शिक्षक सीट पर सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल की जीत को भी उन्होंने अहम बताया। अखिलेश ने इस जीत को पार्टी के पीडीए समीकरण से जोड़ते हुए अग्रवाल और अग्रहरि समाज का जिक्र किया।

26 नवंबर को सपा लाएगी घोषणा पत्र

अखिलेश यादव ने युवाओं, शिक्षकों, बेरोजगारी और आरक्षण के मुद्दों पर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने 26 नवंबर को समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र लाने की बात कही। उनके अनुसार, इसमें शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को विशेष जगह दी जाएगी।

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद हुए हैं और इससे लगभग सवा लाख शिक्षकों की संख्या कम हुई है। उन्होंने पेपर लीक, आरक्षित पदों पर भर्ती में कथित अनियमितताओं और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

राम मंदिर से मणिकर्णिका घाट तक उठाए कई मुद्दे

अखिलेश ने अपनी टिप्पणी में 20 से अधिक पेपर लीक होने और 11 हजार से ज्यादा आरक्षित पदों की भर्तियों में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया। इसके अलावा उन्होंने राम मंदिर में चोरी के मामले, शराब की दुकानों और काशी के मणिकर्णिका घाट से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।

उन्होंने एमएलसी चुनाव के नतीजों को भाजपा के लिए राजनीतिक चुनौती बताते हुए पार्टी के भीतर अंतर्कलह बढ़ने की आशंका जताई।

दिल्ली की रैली में शामिल होगी समाजवादी पार्टी

अखिलेश यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी एक नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस की ओर से आयोजित रैली में शामिल होगी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पहले ही तय कर लेना चाहिए कि वे ट्रेन से जाएंगे या एक्सप्रेसवे के रास्ते।

फिलहाल, एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद अखिलेश यादव के हमलावर तेवर और अमित शाह का लखनऊ दौरा यूपी की राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गए हैं। एक ओर भाजपा 2027 के चुनाव की तैयारियों में जुटी है, तो दूसरी ओर सपा इन नतीजों को अपनी राजनीतिक मजबूती के तौर पर पेश कर रही है।