गोरखपुर को ₹697 करोड़ की बड़ी सौगात, CM योगी 11 जुलाई को करेंगे फोरलेन समेत कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण
Bihar news: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 जुलाई को अपने गृह जनपद गोरखपुर को विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। इस दौरान करीब 697 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 54 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सात नई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी होगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से गोरखपुर की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 11.6 किलोमीटर लंबी भटहट-बांसस्थान फोरलेन होगी, जिसे मुख्यमंत्री जनता को समर्पित करेंगे। यह फोरलेन करीब 689.35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है। इसी मार्ग पर प्रदेश का पहला आयुष विश्वविद्यालय भी स्थित है, जिससे अब मरीजों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगी। सड़क के दोनों ओर जल निकासी की आधुनिक व्यवस्था भी विकसित की गई है।
लोकार्पण समारोह वामंत माता मंदिर के पास आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री सड़क, पर्यटन और ग्रामीण आधारभूत संरचना से जुड़ी कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें संपर्क मार्गों का निर्माण, सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण पर्यटन स्थलों का विकास और स्थानीय बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में चकजलाल-घोड़ादेउर-तरकुलही हनुमान मंदिर संपर्क मार्ग, हाफिज नगर द्वितीय संपर्क मार्ग, सिरसिया महादेव मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण, भरवलिया से एकला (टेराकोटा उद्योग रिसर्च सेंटर) मार्ग, गुलरिहा रामनगर से एकला ग्राम मार्ग तथा सरैया-बांसस्थान मार्ग का विस्तार शामिल है। इसके अलावा सिरसिया स्थित महादेव कुंड, बूढ़ाडीह के समय माता मंदिर और औरंगाबाद गांव में ग्रामीण पर्यटन विकास की योजनाओं की भी शुरुआत होगी।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन बेहतर होगा, बल्कि पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। खासकर पिपराइच विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पर्यटन से जुड़े विकास कार्यों से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।







