गोपालगंज की रेल कनेक्टिविटी को लेकर दिल्ली में बड़ी पहल, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने रेल राज्य मंत्री से की मुलाकात
New Delhi: गोपालगंज और बैकुंठपुर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री एवं बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को रेल भवन में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना से मुलाकात की। बैठक में क्षेत्र की पुरानी रेल मांगों के साथ नई ट्रेनों के परिचालन और स्टेशनों के विकास से जुड़े कई प्रस्ताव रखे गए।
थावे-पटना इंटरसिटी के समय में बदलाव की मांग
मिथिलेश तिवारी ने थावे-पटना इंटरसिटी की समय-सारणी में बदलाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि पटना से ट्रेन सुबह करीब 5 बजे चले और थावे से शाम 7 बजे रवाना हो, ताकि क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके। साथ ही उन्होंने ट्रेन की यात्रा अवधि कम करने का भी आग्रह किया।
शिक्षा मंत्री ने सिधवलिया रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित रैक प्वाइंट के उद्घाटन के लिए रेल राज्य मंत्री को आमंत्रित भी किया।
दिल्ली समेत बड़े शहरों के लिए नई ट्रेनों की मांग
बैठक के दौरान गोपालगंज से दिल्ली और देश के अन्य प्रमुख महानगरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग रखी गई। इसके अलावा गोरखपुर-गोपालगंज-मशरख होते हुए पटना तक वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी रेल राज्य मंत्री के सामने रखा गया।
इन रेल परियोजनाओं पर भी जोर
मिथिलेश तिवारी ने ताप्ती-गंगा एक्सप्रेस का सिधवलिया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही अमृत भारत योजना के तहत बैकुंठपुर और सिधवलिया रेलवे स्टेशनों के विकास का मुद्दा भी उठाया गया।
वहीं दिघवा दुबौली में आरओबी और आरयूबी निर्माण से जुड़े काम में तेजी लाने का भी अनुरोध किया गया, ताकि क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाया जा सके।
रेल राज्य मंत्री ने दिया आश्वासन
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने शिक्षा मंत्री की ओर से रखी गई मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित प्रस्तावों पर शीघ्र पहल और समाधान का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद मिथिलेश तिवारी ने कहा कि गोपालगंज और बैकुंठपुर के लोगों की रेल सुविधाओं से जुड़ी अपेक्षाओं को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण है।
उनके मुताबिक, क्षेत्रवासियों को सुविधाजनक और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता में है।







