मयूर विहार में भक्ति और रंगों का संगम: 700 किलो फूलों से सजी होरी, चित्र-विचित्र जी महाराज ने जमाया रंग
700 किलो फूलों से खेली गई होरी
होली महोत्सव को यादगार बनाने के लिए चार प्रकार के सात रंगों में 700 किलो फूल मंगाए गए थे। फूलों की होरी और बृज के भजनों पर झूमते-नाचते भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में करीब 6-7 हजार श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। संस्था की ओर से सभी आगंतुकों के लिए भोजन-प्रसाद की भी समुचित व्यवस्था की गई।
चित्र-विचित्र जी महाराज से पहले गायिका लक्ष्मी जी और विशाल गोयल जी ने अपने मधुर भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सामाजिक जागरण का मंच
संस्था पिछले आठ वर्षों से समाज हित और जागरण के कार्यों में सक्रिय है। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह होरी महोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सहयोग का प्रतीक बन चुका है। दिल्ली-एनसीआर के व्यापारी और समाजसेवी भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं।
गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, विधायक रविकांत उज्जैनवाल, विधायक रवि नेगी, भाजपा जिला अध्यक्ष विजेंद्र धामा, निगम में चेयरमैन लाइसेंसिंग संजीव सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवकर संघ के पूर्वी विभाग संघचालक विरेश जी और विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री नीरज दनौरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नीरज दनौरिया के ओजस्वी उद्बोधन ने उपस्थित जनसमूह को विशेष रूप से प्रभावित किया।
संस्था के अध्यक्ष सुनील गर्ग, महामंत्री संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष हरमिंदर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। मंच संचालन विजयकांत पांडेय ने कुशलता से संभाला।
फूलों की खुशबू, भजनों की गूंज और हजारों भक्तों की आस्था- मयूर विहार का यह होली महोत्सव लंबे समय तक याद रखा जाएगा।







