पंचकूला के स्कूल में KG की बच्ची पर बेरहमी से हमला, सिर पर 12 बार ईंट मारी, तीसरी के स्टूडेंट ने बेंच पर पटका, बाल पकड़कर घसीटा
हरियाणा के पंचकूला से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्रसिद्ध स्कूल में KG में पढ़ने वाली मासूम बच्ची पर तीसरी कक्षा के छात्र ने बेरहमी से हमला कर दिया। आरोपी छात्र ने बच्ची का सिर पहले बेंच पर पटका, फिर उसके चेहरे पर 19 बार पैर से वार किया। इतना ही नहीं, उसने बच्ची के बाल पकड़कर उसे घसीटा और बाद में ईंट से उसके सिर पर 12 बार हमला किया।
हैरान करने वाली बात यह है कि मासूम बच्ची के साथ हुई इस बर्बरता का पूरा घटनाक्रम स्कूल की क्लास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। फुटेज के मुताबिक, करीब 96 सेकेंड तक बच्ची को लगातार पीटा गया। मारपीट के दृश्य बेहद विचलित करने वाले हैं, इसलिए हम आपको इसका वीडियो नहीं दिखा रहे हैं।
CCTV फुटेज देखने के बाद हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वीडियो को पूरा देख पाना भी बेहद मुश्किल है। शिक्षा मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, पंचकूला की DCP अदिति सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। मामले में स्कूल स्टाफ के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वहीं, हमला करने वाले नाबालिग छात्र की जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत विशेषज्ञों से काउंसिलिंग कराई जा रही है।
घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब बच्ची को लेने ऑटो ड्राइवर स्कूल पहुंचा, लेकिन बच्ची वहां नहीं मिली। इसके बाद परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू की।
बच्ची के चाचा के मुताबिक, जिस छात्र ने उस पर हमला किया था, उसी ने उन्हें बताया कि बच्ची कहां गिरी हुई है। इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
फिलहाल इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







