Newshaat_Logo

अलीगढ़ में बनेगा शानदार एडवेंचर पार्क! 4 एकड़ में बच्चों से युवाओं तक के लिए खास सुविधाएं

अलीगढ़ के लोगों के लिए मनोरंजन की नई सौगात मिलने जा रही है. शहर में करीब 4 एकड़ जमीन पर एडवेंचर पार्क विकसित किया जाएगा. इस पार्क में बच्चों से लेकर युवाओं तक के लिए मनोरंजन और रोमांच से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है. इसके बनने से परिवारों को घूमने-फिरने और फुर्सत के पल बिताने के लिए एक नया ठिकाना मिलेगा.
 
Aligarh

Aligarh: शहरवासियों को जल्द ही मनोरंजन और रोमांच का नया ठिकाना मिलने वाला है। अलीगढ़ में करीब चार एकड़ जमीन पर एडवेंचर पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए मथुरा रोड स्थित कचरा निस्तारण केंद्र की जमीन को चिह्नित किया गया है। मेयर प्रशांत सिंघल ने सोमवार को युवाओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में इस योजना की घोषणा की।

मेयर के मुताबिक, एडवेंचर पार्क का निर्माण पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर कराया जाएगा। इसमें नगर निगम के साथ निजी क्षेत्र की भागीदारी रहेगी। योजना का उद्देश्य शहर में मनोरंजन की सुविधाएं बढ़ाने के साथ एक नया पर्यटन स्थल विकसित करना है।

वॉल क्लाइंबिंग से ट्री-टॉप क्लाइंबिंग तक का रोमांच

प्रस्तावित एडवेंचर पार्क में बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई गतिविधियां शुरू करने की योजना है। यहां वॉल क्लाइंबिंग, रोप कोर्स, क्लाइंबिंग, किड्स जोन और ट्री-टॉप क्लाइंबिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा लोगों के खाने-पीने के लिए फूड जोन भी बनाया जाएगा।

पार्क तैयार होने के बाद शहर के लोगों को मनोरंजन और एडवेंचर गतिविधियों के लिए एक नया विकल्प मिलेगा।

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए चलेगा अभियान

युवाओं के साथ संवाद के दौरान मेयर प्रशांत सिंघल ने शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अभियान चलाएगा। इसके अलावा शहर में ई-चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में आठ शिक्षण संस्थानों के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने सफाई, सड़क, पेयजल और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अपने सुझाव रखे।

हर वार्ड में निगरानी समिति बनाने का सुझाव

छात्र-छात्राओं ने 'मेरा वार्ड, मेरी जिम्मेदारी' अभियान शुरू करने का सुझाव दिया। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों की समिति बनाने की बात कही गई। यह समिति अपने क्षेत्र में गंदगी, खराब स्ट्रीट लाइट, सड़क और पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर नजर रखेगी और नगर निगम के साथ मिलकर उनके समाधान का प्रयास करेगी।

छात्रा मेधांशी ने महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शहर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया।

QR कोड से शिकायत और जानकारी की सुविधा का सुझाव

युवाओं ने शहर में क्यूआर कोड के इस्तेमाल को बढ़ाने का सुझाव भी दिया। जिन स्थानों से कूड़ा प्वाइंट हटाए जा रहे हैं, वहां नगर निगम के क्यूआर कोड लगाए जा सकते हैं। नागरिक कोड स्कैन करके गंदगी की तस्वीर और शिकायत संबंधित नंबर पर भेज सकेंगे।

इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जानकारी और पौधों से जुड़ी शैक्षिक जानकारी देने के लिए भी अलग-अलग स्थानों पर क्यूआर कोड लगाने का सुझाव दिया गया।

इस संवाद कार्यक्रम में गगन कॉलेज, डीएस डिग्री कॉलेज, एसवी डिग्री कॉलेज, टीआर डिग्री कॉलेज, आईआईएमटी, आईटीएम, साईं मेडिकल कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज के विद्यार्थी शामिल हुए। मेयर की पत्नी पूजा सिंघल, परिवार के सदस्य और शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।