हमले के बाद केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाया, दिल्ली CM रेखा गुप्ता को मिली Z कैटेगरी की सुरक्षा
New Delhi: राजधानी की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को Z कैटेगरी की वीआईपी सुरक्षा मुहैया कराई है। हाल ही में जनसुनवाई के दौरान उन पर हुए हमले के बाद गृह मंत्रालय ने यह कदम उठाया।
नई सुरक्षा व्यवस्था के तहत 22 से 25 कमांडो 24 घंटे उनकी निगरानी करेंगे। मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास और कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब अर्धसैनिक बल के वीआईपी सिक्योरिटी ग्रुप को दी गई है। यही सुरक्षा ग्रुप केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गांधी परिवार (सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी) को भी सुरक्षा मुहैया कराता है।
जनसुनवाई में हुआ हमला
20 अगस्त की सुबह करीब 8:15 बजे जब मुख्यमंत्री जनता से मुलाकात कर रही थीं, तभी एक शख्स खुद को शिकायतकर्ता बताकर उनके पास पहुंचा। कागज देने के बहाने उसने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता के हाथ, कंधे और सिर पर चोटें आईं। मौके पर मौजूद सुरक्षा टीम ने तुरंत हमलावर को पकड़ लिया।
आरोपी कौन है?
पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेशभाई खीमजी के तौर पर हुई है, जो गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। पुलिस ने उस पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों की शुरुआती जांच में सामने आया है कि खीमजी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही खराब है। गुजरात में उसके खिलाफ चाकूबाजी सहित 5 आपराधिक केस दर्ज हैं। हालांकि, घटना के वक्त उसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। फिलहाल उससे यह पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं।
फिलहाल घर से ही काम
हमले के बाद घायल हुईं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता फिलहाल अपने आवास से ही सरकारी कामकाज संभाल रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह घटना न केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा बल्कि दिल्ली की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। इसी वजह से केंद्र सरकार ने तुरंत उनकी सुरक्षा को Z कैटेगरी तक अपग्रेड किया।







