Newshaat_Logo

अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला, बोले- ‘भाजपाइयों की सोच निगेटिव, बहुरूपियों से सावधान रहने की जरूरत’

 
अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला, बोले- ‘भाजपाइयों की सोच निगेटिव, बहुरूपियों से सावधान रहने की जरूरत’

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर नकारात्मक प्रचार और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए व्यक्तिगत छवि खराब करने का अभियान चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपाइयों की सोच निगेटिव है और ये बहुरूपिया हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। समाजवादियों को एक नहीं, बल्कि कई प्लेटफॉर्म पर लड़ाई लड़नी पड़ रही है।

बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नकारात्मक प्रचार और पर्सनल मैसेजिंग करवा रही है। निगेटिव प्रचार की शुरुआत भाजपा ने की है। भाजपा के लोगों ने आधिकारिक तौर पर उनकी निगेटिव फोटो पोस्ट की है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा नहीं रुकी तो समाजवादी पार्टी इसका मुकाबला करेगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर यह एक नए तरीके की लड़ाई है।

‘भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था को बर्बाद किया’

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई अर्थशास्त्री कह रहे हैं कि पिछले कुछ महीनों में जीडीपी की स्थिति बेहद खराब रही है। देश में निवेश नहीं आ रहा है और नौकरी व रोजगार के नए अवसर पैदा नहीं हो रहे हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार के पास महंगाई रोकने और युवाओं को रोजगार देने की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। बिजली महंगी हो रही है। कानून-व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था भी बर्बाद हो चुकी है। वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे शहरों में जलभराव की स्थिति है। उन्होंने प्रयागराज में आए बड़े बजट का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां लूट हुई है।

AI को लेकर सपा का बड़ा दावा

अखिलेश यादव ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर कहा कि इसका मेडिकल, कृषि और दूसरे क्षेत्रों में काफी लाभ लिया जा सकता है। इसके लिए मजबूत इकोसिस्टम और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार में गांव-गांव ऑप्टिकल फाइबर और केबल बिछाने का काम हुआ था। इसका परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश में इंटरनेट की अच्छी व्यवस्था है। लखनऊ में आईटी सिटी सपा सरकार में बनी थी। एचसीएल और सैमसंग का विस्तार हुआ तथा लखनऊ में आधुनिक मेट्रो का निर्माण कराया गया।

अपराध रोकने में AI के इस्तेमाल की बात

अखिलेश यादव ने कहा कि अपराध की रोकथाम में भी AI का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि डायल-100 रिस्पांस सिस्टम समाजवादी सरकार ने शुरू किया था। सपा सरकार AI के विस्तार और इसके लिए जरूरी आधारभूत ढांचे को तैयार करने के लिए अलग बजट देगी।

‘भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर’

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी जेबें भरने के लिए हाईवे और सड़कों का निर्माण कराया गया, लेकिन भाजपा सरकार में बनी सड़कों और हाईवे की स्थिति खराब है और जगह-जगह सड़कें टूट गई हैं।

उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे समेत अन्य सड़कों का उदाहरण देते हुए कहा कि सभी की स्थिति खराब है। अखिलेश यादव ने राम वन गमन पथ के निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्घाटन से पहले ही इस सड़क में दरारें आ गई हैं और कई जगह सड़क टूट गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि राम वन गमन पथ में भी भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने अयोध्या में भगवान राम के मंदिर से जुड़े चंदे को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि अब राम वन गमन पथ को भी नहीं छोड़ा गया। उनके मुताबिक, इस सड़क पर 118 गड्ढे हो गए हैं।

सपा की ओर से जारी बयान में यह जानकारी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के नाम से जारी की गई है।