Newshaat_Logo

अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- ‘भ्रष्टाचार के डामर’ से बनी सड़कें गड्ढों में बदल रही हैं

 
अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- ‘भ्रष्टाचार के डामर’ से बनी सड़कें गड्ढों में बदल रही हैं

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और जनसुविधाओं के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। मंगलवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और शिक्षा-स्वास्थ्य से लेकर सड़क तथा किसान से जुड़े मुद्दों तक जनता परेशान है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा समस्याओं की जड़ भाजपा सरकार है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनता को भाजपा के कथित कुशासन से मुक्ति मिलेगी।

2027 के लिए कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का मंत्र

सपा प्रमुख ने 2027 के विधानसभा चुनाव को पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और एकजुट होकर चुनाव की तैयारी करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पार्टी जिन प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारेगी, सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर उन्हें जिताने के लिए काम करना होगा।

एक्सप्रेस-वे और सड़कों की स्थिति पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बने सड़क और हाईवे जगह-जगह खराब हो रहे हैं। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कों की स्थिति खराब है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे की लागत का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि सड़क के साथ पुल के ज्वाइंट में भी दरारें सामने आई हैं। वहीं मुरादाबाद में शुरू होने से पहले ही निर्माणाधीन रिंग रोड के धंसने का मुद्दा भी उन्होंने उठाया।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकारी बजट का दुरुपयोग हो रहा है और जनता के पैसे की बर्बादी की जा रही है।

जल जीवन मिशन और स्मार्ट सिटी पर भी निशाना

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का बोलबाला है। उन्होंने जल जीवन मिशन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है।

उन्होंने शहरों में जलभराव की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि गोरखपुर और प्रयागराज सहित कई शहरों में बारिश के बाद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके मुताबिक नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था पर पर्याप्त काम नहीं हुआ।

‘गड्ढा मुक्त’ अभियान पर भी सवाल

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के गड्ढा मुक्त सड़क अभियान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके नाम पर हजारों करोड़ रुपये का बजट खर्च किया गया, लेकिन करीब एक दशक बाद भी प्रदेश की सड़कों की स्थिति खराब बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी ने पूरी व्यवस्था को प्रभावित किया है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार के सत्ता से हटने के बाद ही प्रदेश में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और सड़कों सहित अन्य व्यवस्थाओं में सुधार संभव होगा।