अखिलेश यादव ने लॉन्च की सपा छात्र सभा की नई यूनिफॉर्म, बोले- कॉलेजों में छात्रों को जोड़कर आगे बढ़ाएंगे समाजवादी विचार
UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में समाजवादी छात्र सभा की नई यूनिफॉर्म लॉन्च की। नई यूनिफॉर्म में नीले रंग की टी-शर्ट और नीली जींस शामिल है। टी-शर्ट पर समाजवादी छात्र सभा का लोगो लगाया गया है।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने छात्र सभा के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों में छात्र जागरूकता अभियान चलाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के बीच समाजवादी विचारधारा और मूल्यों को पहुंचाने के लिए संगठन अगले दो सप्ताह का कार्यक्रम तैयार करेगा।
कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में चलेगा जागरूकता अभियान
अखिलेश यादव ने कहा कि अभियान के तहत छात्रों को समाजवादी छात्र सभा से जोड़ा जाएगा। पीडीए वृक्षारोपण के बाद विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिविर लगाकर छात्रों से संपर्क किया जाएगा और पर्चे बांटे जाएंगे।
इसके अलावा छात्र-छात्राओं से सुझाव पत्र भरवाए जाएंगे। संगोष्ठियों के जरिए मौजूदा राजनीति में युवाओं और छात्रों की भूमिका पर चर्चा होगी। मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे।
‘यूनिफॉर्म गैरबराबरी खत्म करने का संदेश देती है’
अखिलेश यादव ने नई यूनिफॉर्म को लेकर कहा कि नई पीढ़ी की सोच अलग और नई होती है। इसी सोच के साथ छात्र सभा को नई यूनिफॉर्म दी गई है। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म केवल पहनावा नहीं है, बल्कि यह समानता का संदेश भी देती है। उनके मुताबिक, एक जैसी यूनिफॉर्म से गैरबराबरी का भाव कम होता है और सभी एक समान दिखाई देते हैं।
उन्होंने छात्र सभा के युवाओं से नई सोच और विचारधारा के साथ कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रों को जोड़ने का आह्वान किया।
PDA को लेकर अखिलेश ने बताया अपना नजरिया
सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी अपनी प्रगतिशील सोच, लोकतांत्रिक तरीके और समाजवादी विचारधारा को छात्रों तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि पीडीए आंदोलन के जरिए छात्रों और युवाओं को भी जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने पीडीए का एक अर्थ प्रेम, दया और अपनापन भी बताया। उन्होंने कहा कि समाज में सौहार्द बढ़ेगा तो भविष्य बेहतर होगा। सामाजिक न्याय की दिशा में आगे बढ़ने के लिए पीडीए के लोगों को साथ जोड़कर काम करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सामाजिक न्याय के मॉडल में किसी के साथ भेदभाव या पक्षपात नहीं होगा। भारत की पहचान अनेकता में एकता की है और अलग-अलग जाति और धर्म के लोग मिलकर देश को आगे बढ़ाते हैं।
छात्रों के सुझाव चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करने की बात
अखिलेश यादव ने नई पीढ़ी और नई तकनीक का जिक्र करते हुए कहा कि आज रोजगार और काम के नए अवसर सामने आ रहे हैं। जब छात्र सभा के पदाधिकारी कॉलेज परिसरों में जाएंगे तो उन्हें युवाओं से नए विचार और सुझाव मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि छात्रों से मिलने वाले नए विचारों को समाजवादी पार्टी अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवता के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहती है।
सत्ता में आने पर छात्रसंघ को लेकर नई योजना का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद छात्रसंघों के निर्वाचित पदाधिकारियों की एक कमेटी बनाई जाएगी। इस कमेटी के जरिए दुनिया के बेहतर विश्वविद्यालय परिसरों, जैसे कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड सहित यूरोप के विश्वविद्यालयों के साथ टाईअप की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य भविष्य में छात्रसंघों की भूमिका और स्वरूप को लेकर नए तरीके से काम करना होगा।
नीले रंग को लेकर भी बोले अखिलेश
नई यूनिफॉर्म के नीले रंग पर अखिलेश यादव ने कहा कि इसे लोकतंत्र, विचारधारा और संविधान से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीला रंग बहुजन समाज और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर से भी जुड़ा रहा है।
उन्होंने जींस के नीले रंग का जिक्र करते हुए इसे युवाओं की पसंद और अन्याय के खिलाफ प्रतीक के तौर पर पेश किया। अखिलेश यादव ने कहा कि छात्र सभा की नई ड्रेस के जरिए युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए बदलाव किया जा रहा है।
गोरखपुर के कई लोग सपा में शामिल
कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर की सामाजिक कार्यकर्ता सुशीला चौहान, उनके पति राजकुमार चौहान, पूर्व पार्षद विराट चौहान, अंकुश निषाद, जिला पंचायत सदस्य कुलदीप निषाद और बीडीसी सदस्य प्रमोद चौहान अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।
अखिलेश यादव ने सभी का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस परिवार के साथ काफी अन्याय हुआ है और अभी भी उन्हें न्याय नहीं मिला है।







