सीमा सुरक्षा पर अमित शाह की बड़ी बैठक आज, बिहार के सीमावर्ती जिलों की होगी विशेष समीक्षा
Newshaat Desk: बिहार की सीमाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में बिहार सहित अन्य सीमावर्ती राज्यों की सुरक्षा चुनौतियों और सीमा प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, शाम 6 बजे गृह मंत्रालय में आयोजित होने वाली इस बैठक में बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP), मुख्य सचिव, गृह सचिव और नेपाल सीमा से जुड़े जिलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़ेंगे।
बताया जा रहा है कि बैठक में अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) समेत नेपाल सीमा से सटे जिलों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा होगी। केंद्र सरकार का उद्देश्य सीमा पर निगरानी तंत्र को मजबूत करना और प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
बैठक के एजेंडे में कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। इनमें भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा, अवैध घुसपैठ पर रोक, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, सीमा पार संचालित संगठित अपराधों पर नियंत्रण, खुफिया तंत्र को मजबूत करना और पुलिस-प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाना प्रमुख हैं।
हाल के दिनों में सीमावर्ती इलाकों में घुसपैठ, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही है। ऐसे में इस बैठक को सुरक्षा के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
बैठक के बाद सीमावर्ती जिलों के लिए नई सुरक्षा रणनीति और निगरानी व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। खासकर नेपाल से लगी बिहार की खुली सीमा को देखते हुए यह समीक्षा बैठक राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।







