Newshaat_Logo

अमित शाह का कांग्रेस पर वार: “वामपंथी दबाव में चुना गया उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार”

 
अमित शाह का कांग्रेस पर वार: “वामपंथी दबाव में चुना गया उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार”

नई दिल्ली/कोच्चि: देश में उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर बड़ा हमला बोला। कोच्चि में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने विपक्ष के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज सुदर्शन रेड्डी पर तीखा निशाना साधा।

शाह ने कहा कि “रेड्डी ने न्यायपालिका में रहते हुए वामपंथी उग्रवाद का साथ दिया था और ऐसे फैसले दिए, जिनसे नक्सलवाद को बल मिला।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने वामपंथी दबाव में आकर उन्हें उपराष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाया है।

सलवा जुडूम का जिक्र

अमित शाह ने अपने संबोधन में साल 2011 के उस फैसले का भी ज़िक्र किया, जिसमें जस्टिस सुदर्शन रेड्डी और जस्टिस एसएस निज्जर की बेंच ने छत्तीसगढ़ सरकार के सलवा जुडूम संगठन को असंवैधानिक करार दिया था। शाह का कहना था कि अगर उस वक्त यह फैसला न हुआ होता तो 2020 तक वामपंथी उग्रवाद खत्म हो गया होता।

उन्होंने कहा कि केरल जैसे राज्यों ने नक्सलवाद और उग्रवाद की पीड़ा झेली है। ऐसे में जनता यह देखेगी कि कांग्रेस ने किस तरह दबाव में आकर ऐसे चेहरे को उम्मीदवार बनाया जिसने न्यायपालिका की ताकत का इस्तेमाल वामपंथी विचारधारा को समर्थन देने में किया।

NDA बनाम INDIA: चुनावी जंग तेज

उपराष्ट्रपति पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भाजपा नेतृत्व वाली NDA ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है। वहीं विपक्षी गठबंधन INDIA ने जस्टिस सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। 9 सितंबर को मतदान होगा और उसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।

इससे पहले मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों से पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही नए उपराष्ट्रपति को लेकर राजनीति गरमा गई है।