Newshaat_Logo

पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड मतदान पर Amit Shah का हमला, कहा- जनता ने Mamata Banerjee की विदाई तय कर दी

West Bengal: "बंगाल की मुख्यमंत्री यह अफवाह फैला रही हैं कि अगर बंगाल में भाजपा आई तो बाहरी लोग शासन करेंगे, मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा, बंगाली मीडियम में पढ़ा-लिखा और बंगाली भाषी होगा. वह आपका भतीजा नहीं भाजपा का कार्यकर्ता होगा."
 
NATIONAL

West Bengal: पश्चिम बंगाल में पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा दावा किया है. शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में अमित शाह ने कहा कि पहले चरण की वोटिंग का हमारे पास जो फीडबैक आया है, उससे साफ है कि दीदी जाने वाली हैं, बीजेपी आने वाली है. अमित शाह ने कहा, "हमारे पास जो फीडबैक है, उसमें बंगाल की जनता ने अपना फैसला सुना दिया है. प्रथम चरण में मतदाताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि दीदी जाने वाली है और भाजपा आने वाली है."

पहले चरण की 152 में से 110 सीटें बीजेपी जीतने जा रही हैः अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "बंगाल की जनता ने पहले चरण में ही अपना भविष्य तय कर दिया है. कविगुरु टैगोर, महान सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस की भूमि ने विकास को चुना है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो विकास यात्रा चल रही है उसमें बंगाल भी जुड़ने वाला है, यह मतदाताओं ने स्पष्ट कर दिया है. दीदी जाने वाली है, भाजपा आने वाली है. भय जाने वाला है, भरोसा आने वाला है... 152 में से 110 से ज्यादा सीटें भाजपा जीतने जा रही है, इसका अर्थ है कि दूसरे चरण के चुनाव के बाद हम प्रचंड बहुमत से शुद्ध रूप से भाजपा सरकार बनाने वाले हैं."

प्रेस कॉफ्रेंस की शुरुआत में अमित शाह ने बंगाल के शांतिपूर्ण और हिंसामुक्त चुनाव के लिए चुनाव आयोग, मतदान कर्मी और सुरक्षा कर्मियों को बधाई दी. उन्होंने कहा- पश्चिम बंगाल की जनता ने अभूतपूर्व उत्साह और जोश के साथ परिवर्तन के लिए मतदान किया है. मैं चुनाव आयोग, CAPF, चुनाव आयोग के सहयोग में लगा पूरा तंत्र और बंगाल पुलिस को बहुत-बहुत अभिनंदन देना चाहता हूं क्योंकि बहुत लंबे अरसे बाद बंगाल के चुनाव में एक भी मृत्यु नहीं हुई, ऐसा चुनाव हुआ है."

बंगाल चुनाव, ममता बनर्जी से लेकर EVM तक, देखें क्या बोले Amit Shah

हिंसामुक्त चुनाव को लेकर अमित शाह ने आंकड़े भी गिनाए. उन्होंने कहा कि मैं कुछ आंकड़ें भी देना चाहता हूं. 2016 के चुनाव में 1278 लोग घायल हुए थे, 2021 में 1681, 2023 के पंचायत चुनाव में 664 और 2024 के आम चुनाव में 761. उसकी तुलना में 30 से कम लोग कल घायल हुए हैं. यह बताता है कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए और मृत्यु का आंकड़ा एक भी नहीं है. यह जो मतदान बढ़ा है, वह भाजपा सरकार बनाने, परिवर्तन का संकेत है."

'बंगाल का अगला CM, बंगाल में जन्मा, बंगाली मीडियम में पढ़ा-लिखा और बंगाली भाषी होगा'

अमित शाह ने आगे कहा, "बंगाल की मुख्यमंत्री यह अफवाह फैला रही हैं कि अगर बंगाल में भाजपा आई तो बाहरी लोग शासन करेंगे, मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा, बंगाली मीडियम में पढ़ा-लिखा और बंगाली भाषी होगा. वह आपका भतीजा नहीं भाजपा का कार्यकर्ता होगा."