Newshaat_Logo

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत, भाई से मिलने जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा

 
अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत, भाई से मिलने जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा

UP News: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (21) की गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब अबान अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था। कार में कुल पांच लोग सवार थे। रास्ते में अचानक एक जानवर के सामने आ जाने से चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अबान समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और अचानक वाहन के सामने जानवर का आना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।

अतीक परिवार पर लगातार आईं मुश्किलें

अबान, अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटे थे। सबसे बड़े बेटे उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद हैं, जबकि अली अहमद झांसी जेल में निरुद्ध हैं। तीसरे बेटे असद अहमद की वर्ष 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के दौरान पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। चौथे बेटे अहजम हैं, जबकि अबान सबसे छोटे थे।

अप्रैल 2023 में प्रयागराज में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन अब भी फरार है और उस पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।

अबान की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद एक बार फिर अतीक अहमद का परिवार चर्चा में आ गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।