Bengal Elections Phase 2: दूसरे और अंतिम चरण में रिकॉर्डतोड़ मतदान, 91.41 प्रतिशत वोटिंग
West Bengal Election 2nd Phase Voting: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए वोटिंग जारी है. मतदान का समय सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहा. अंतिम समय तक मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं. मतदान की रफ्तार देख ऐसा लग रहा है कि दूसरे फेज में भी मतदान का नया रिकॉर्ड बनेगा.
पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ, ऐसे में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग की उम्मीद की जा रही है. दूसरे चरण में कई जगह हिंसा और ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की खबरें भी सामने आईं. कई जगहों पर सुरक्षाबलों को हालात नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज का भी सहारा लेना पड़ा हालांकि कहीं से किसी गंभीर घटना के समाचार नहीं हैं.
आज पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई. कोलकाता के अलावा नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा जिलों में मतदान हुआ. चुनाव के दूसरे चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है. चुनाव आयोग ने बताया कि इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता हैं. इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1, 57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं.
दूसरे चरण की सबसे हॉट सीट भवानीपुर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने सुवेंदु अधिकारी मैदान में हैं. भवानीपुर सीट को नंदीग्राम की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था. पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए चुनाव आयोग ने कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए, जिनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं.
सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए. केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गईं. इनके अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जवान भी सुरक्षा में लगाए गए. पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुचेरी में मतगणना 4 मई को होगी.
बंगाल में दूसरे और अंतिम फेज में 91.41 प्रतिशत मतदान
पश्चिम बंगाल चुनावों 2026 के दूसरे और अंतिम चरण में लगभग 91.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.







