कोलकाता में बड़ा हादसा! गोदाम ढहने से 16 की मौत, राहत कार्य जारी
Kolkata: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में हुए भीषण गोदाम हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है. मृतकों में मुख्य ठेकेदार भी शामिल है. हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है. भारतीय रेलवे की टीम भी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर मलबा हटाने और फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई है. अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न एजेंसियों की बचाव टीमें मौके पर मलबे में तलाश अभियान चला रही हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति उसमें फंसा न रह गया हो.

अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और रेलवे की टीमें तत्काल पहुंचीं. भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि मलबे में फंसे लोगों का पता लगाने के लिए वहां कैमरे लगाये गये हैं. इसके अलावा मलबे में दबे उन लोगों का पता लगाने के लिए मोबाइल फोन टावर के डेटा का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिनके फोन अभी भी सक्रिय हैं.
एक अधिकारी ने कहा- हमारी प्राथमिकता खोज और बचाव अभियान को पूरा करना है. टीम ढहे हुए ढांचे के हर हिस्से की सावधानीपूर्वक जांच कर रही है. जब हम पूरी तरह आश्वस्त हो जायेंगे कि अंदर कोई फंसा नहीं है, तभी बड़े पैमाने पर मलबा हटाने का काम शुरू होगा.
अब तक 16 की मौत, 17 का चल रहा इलाज
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में इलाजरत बासंती निवासी खालेक सरदार की मौत हो गयी. इसके साथ ही इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गयी. 17 अन्य लोगों का इलाज चल रहा है. एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) द्वारा मलबे में फंसे लोगों की तलाश को आसान बनाने के लिए मुड़े हुए स्टील के ढांचों को काटने और हटाने में सहायता मांगे जाने के बाद भारतीय रेलवे शुक्रवार को बचाव अभियान में शामिल हो गया.
हादसे में मुख्य ठेकेदार की भी हो गयी मौत
कोलकाता में बुधवार अपराह्न निर्माणाधीन गोदाम ढह गया था. इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में नामजद 5 लोगों में शामिल मुख्य ठेकेदार का शव घटनास्थल से बरामद किया गया. पुलिस ने ढांचे के ढहने के कारणों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है.







