Newshaat_Logo

बारिश के बीच बड़ा हादसा! कोलकाता में पेड़ गिरा, महिला की मौत

Kolkata:  पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया. पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चा समेत दो लोग घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान अचानक पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.

 
Kolkata

Kolkata: बारिश के बीच कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल परिसर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मूत्रविज्ञान विभाग के पास एक विशाल पुराना पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

सुबह करीब 8 बजे अचानक गिरा पेड़

अस्पताल के सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। उस वक्त एसएसकेएम परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की काफी भीड़ थी। इसी दौरान मूत्रविज्ञान विभाग के पास स्थित एक विशाल पुराना पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर गिर पड़ा।

पेड़ सीधे एक महिला के ऊपर गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।

पेड़ के नीचे दबे बच्चे समेत दो लोग

हादसे में एक बच्चा और एक अन्य व्यक्ति भी पेड़ के नीचे फंस गए थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तत्काल एसएसकेएम के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुराने पेड़ को लेकर उठे सवाल

हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। मरीजों के परिजनों का आरोप है कि परिसर में मौजूद पुराने और जर्जर पेड़ों की समय रहते जांच और छंटाई की जानी चाहिए थी।

लगातार हो रही बारिश के कारण जमीन के नरम होने और पेड़ की जड़ों के कमजोर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में अस्पताल जैसे भीड़भाड़ वाले परिसर में पुराने पेड़ों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया आंखों देखा हाल

अस्पताल आए एक मरीज के परिजन ने बताया कि वे पेड़ के नीचे बैठकर आराम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी ने सोचा भी नहीं था कि अचानक पेड़ गिर जाएगा। कुछ ही पल में पेड़ गिरा और कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

फिलहाल घायलों का इलाज एसएसकेएम अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और पुराने पेड़ों की स्थिति की जांच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।