Newshaat_Logo

यूपी चुनाव से पहले जयंत चौधरी को बड़ा झटका, RLD प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने दिया इस्तीफा

 
यूपी चुनाव से पहले जयंत चौधरी को बड़ा झटका, RLD प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने दिया इस्तीफा

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोक दल (RLD) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधान परिषद सदस्य रामाशीष राय ने अपने पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

रामाशीष राय ने अपने इस्तीफे में सीधे तौर पर किसी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन पार्टी की कार्यशैली और मौजूदा राजनीतिक माहौल पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन लोकनायक जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति आंदोलन से प्रेरित रहा है और राजनीति का उद्देश्य हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और व्यवस्था परिवर्तन रहा है।

उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि आज देश में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कमजोर होने जैसे मुद्दे गंभीर चिंता का विषय हैं। उनके अनुसार, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है, जबकि युवा बेरोजगारी और भविष्य की अनिश्चितता से जूझ रहे हैं।

रामाशीष राय ने सामाजिक और राजनीतिक हालात पर भी चिंता जताते हुए कहा कि समाज को जाति और संप्रदाय के आधार पर बांटने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों ने हमेशा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया, लेकिन आज सार्वजनिक जीवन में विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा मिलता दिखाई दे रहा है।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में धनबल और परिवारवाद का बढ़ता प्रभाव लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर हो रहे प्रहार से लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है।

अपने इस्तीफे के अंत में उन्होंने लिखा कि “व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश होता है,” और इन्हीं वैचारिक कारणों से उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है।

राजनीतिक गलियारों में अब उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि रामाशीष राय समाजवादी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। वहीं, कुछ राजनीतिक विश्लेषक उनके कांग्रेस में शामिल होने की संभावना भी जता रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अभी अपने भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

गौरतलब है कि हाल ही में RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी ने अनुपम मिश्रा को उत्तर प्रदेश का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके बाद से ही रामाशीष राय के पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं, जो अब उनके इस्तीफे के साथ सच साबित होती दिख रही हैं।