Newshaat_Logo

कर्नाटक में वीआईपी का बड़ा विस्तार, मुकेश सहनी ने फूंका सामाजिक न्याय का बिगुल

 
कर्नाटक में वीआईपी का बड़ा विस्तार, मुकेश सहनी ने फूंका सामाजिक न्याय का बिगुल
Political News: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने अपने राजनीतिक विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कर्नाटक में संगठन निर्माण की औपचारिक शुरुआत कर दी है। बेंगलुरु में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने सामाजिक न्याय, भागीदारी और वंचित समाज के अधिकारों को लेकर बड़ा संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि वीआईपी का लक्ष्य केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के निषाद, कोली, पिछड़े, वंचित और मेहनतकश समाज को सम्मान और अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि वह एक साधारण मछुआरा परिवार से आते हैं और संघर्षों के बीच जीवन की राह तय की है। समाज की बदहाली को देखकर उन्होंने सामाजिक परिवर्तन के लिए राजनीति का रास्ता चुना।

मुकेश सहनी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में निषाद समाज को अलग-अलग सामाजिक श्रेणियों में रखा गया है, जो सामाजिक न्याय की मूल भावना के विपरीत है। वीआईपी इस असमानता को दूर करने और समान अधिकार सुनिश्चित करने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।

उन्होंने कहा कि उनका सपना मुख्यमंत्री बनना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी बदलाव लाना है। उन्होंने दावा किया कि यदि वे समझौते की राजनीति करते तो सत्ता के बड़े पद हासिल कर सकते थे, लेकिन उन्होंने हमेशा समाज के हितों को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि सम्मान और स्वाभिमान के साथ संघर्ष करना किसी भी पद से बड़ा है।

कर्नाटक वीआईपी के प्रदेश अध्यक्ष बी.के. मोहन कुमार को शुभकामनाएं देते हुए सहनी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी राज्य में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर काम करने वाले नेताओं को ही भविष्य में बड़ी जिम्मेदारियां मिलती हैं।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की चर्चा करते हुए मुकेश सहनी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट की ताकत ही गरीब और अमीर को बराबरी का अधिकार देती है। इसी शक्ति के आधार पर वीआईपी समाज के हर वर्ग की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की लड़ाई लड़ रही है।

मुकेश सहनी ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद वह कर्नाटक का व्यापक दौरा करेंगे और संकल्प यात्रा के माध्यम से लोगों के बीच संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक परिवर्तन के आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

समारोह में कर्नाटक वीआईपी के प्रदेश अध्यक्ष बी.के. मोहन कुमार, संत समाज के प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बिहार और कर्नाटक से आए पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और संगठन विस्तार के संकल्प को दोहराया गया।