अभिषेक बनर्जी को हाई कोर्ट से बड़ी राहत! 6 मामलों में फरवरी 2027 तक सुरक्षा
Kolkata: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सोमवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की एकल पीठ ने उनके खिलाफ दर्ज छह मामलों में अंतरिम संरक्षण की अवधि बढ़ाकर 26 फरवरी 2027 तक कर दी। राज्य सरकार की आपत्ति और जांच रिपोर्ट पेश किए जाने के बावजूद अदालत ने पहले से मिली राहत बरकरार रखी।

इनमें कालीतला थाना, भवानीपुर थाना समेत तीन मामले शामिल हैं। राज्य सरकार ने अदालत में बताया कि इन मामलों की जांच अभी पूरी नहीं हुई है। इसके बावजूद कोर्ट ने अभिषेक बनर्जी को अंतरिम संरक्षण जारी रखने का आदेश दिया।
सेवाश्रय शिविर से जुड़े मामलों में भी राहत
डायमंड हार्बर में आयोजित सेवाश्रय स्वास्थ्य शिविरों से जुड़े तीन मामलों में भी अभिषेक बनर्जी को राहत मिली है। ये मामले डायमंड हार्बर, विष्णुपुर और रवींद्रनगर थानों में दर्ज हैं। अदालत ने इन सभी मामलों में भी अंतरिम संरक्षण 26 फरवरी 2027 तक बढ़ा दिया।
कोर्ट ने कहा कि परिस्थितियों में ऐसा कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिसके आधार पर पहले दिए गए अंतरिम आदेश को हटाने की जरूरत हो।







