Newshaat_Logo

बिहार के औद्योगिक विकास को मिलेगा नया बल, निर्मला सीतारमण से मिला बिहार चैम्बर का प्रतिनिधिमंडल

 
New Delhi

New Delhi: नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में सोमवार को बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। चैम्बर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल के नेतृत्व में हुए इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान बिहार के उद्योग, व्यापार और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

चैम्बर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से बिहार के औद्योगिक परिदृश्य और व्यापारिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने राज्य में तेजी से हो रहे औद्योगिक विकास पर संतोष जताते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन देने का भरोसा दिलाया।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री को बिहार चैम्बर के शताब्दी वर्ष समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। साथ ही चैम्बर के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में स्मारक सिक्का जारी करने का अनुरोध किया गया। इस पर निर्मला सीतारमण ने आमंत्रण और प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर के उपाध्यक्ष एन.के. ठाकुर, महामंत्री मुकेश कुमार जैन, पूर्व अध्यक्ष सुभाष पटवारी तथा कार्यकारिणी सदस्य अरुण कुमार और सुमित कुमार भी शामिल थे।

इस मुलाकात को बिहार के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।