Newshaat_Logo

‘मन की बात’ में बिहार की गूंज: पीएम मोदी ने किया जर्दालु आम और सत्तू का जिक्र, किसानों की सराहना

 
‘मन की बात’ में बिहार की गूंज: पीएम मोदी ने किया जर्दालु आम और सत्तू का जिक्र, किसानों की सराहना
Bihar news: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद करते हुए खिलाड़ियों, किसानों, संस्कृति और मौसम जैसे कई अहम विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने देश के उभरते एथलीटों की उपलब्धियों की सराहना की और भारत के प्रसिद्ध आमों का जिक्र करते हुए किसानों की मेहनत को भी सलाम किया।

प्रधानमंत्री ने हाल ही में झारखंड के रांची में आयोजित सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता में करीब 800 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे। उन्होंने राष्ट्रीय 100 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करने वाले एथलीट गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से बातचीत भी की। पीएम ने दोनों खिलाड़ियों की मेहनत और संघर्ष की तारीफ करते हुए उनकी खेल यात्रा के बारे में जानकारी ली।

कार्यक्रम में पीएम मोदी ने देशभर में मशहूर आमों की किस्मों का भी खास जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गर्मियों के मौसम में आम हर घर की चर्चा का हिस्सा बन जाता है। पीएम ने महाराष्ट्र के हापुस और अलफांसो, गुजरात के केसर, उत्तर प्रदेश के दशहरी और लंगड़ा, बिहार के जर्दालु, चौसा और मालदा आम की विशेषताओं को याद किया। उन्होंने कहा कि हर राज्य का आम अपने स्वाद, खुशबू और पहचान के लिए खास होता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भारतीय आम गांवों से निकलकर वैश्विक बाजार तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने आम उत्पादन से जुड़े किसानों की सराहना करते हुए कहा कि देश की कृषि अर्थव्यवस्था में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। पीएम ने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे देश की पहचान को दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।

भीषण गर्मी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच लोगों को पर्याप्त पानी पीना चाहिए और जरूरी होने पर ही धूप में बाहर निकलना चाहिए। साथ ही सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।

‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने अपनी हालिया यात्राओं और सांस्कृतिक अनुभवों को भी साझा किया। उन्होंने तमिलनाडु में संचालित एक हिंदू विद्यालय का जिक्र किया, वहीं नीदरलैंड्स द्वारा भारत को लौटाई गई चोल काल की ताम्र पट्टिकाओं पर भी खुशी जताई। पीएम ने इसे भारत की सांस्कृतिक विरासत के सम्मान से जोड़ते हुए देशवासियों को इसकी जानकारी दी।