Newshaat_Logo

UP मिशन 2027 पर BJP का फोकस, ‘प्रधानी मॉडल’ पर लड़ेगी विधानसभा चुनाव; बूथ स्तर तक तैयार हुआ माइक्रो प्लान

 
UP मिशन 2027 पर BJP का फोकस, ‘प्रधानी मॉडल’ पर लड़ेगी विधानसभा चुनाव; बूथ स्तर तक तैयार हुआ माइक्रो प्लान

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पंचायत चुनाव भले ही फिलहाल टल गए हों, लेकिन पार्टी ने विधानसभा चुनाव को गांव के प्रधान चुनाव की तर्ज पर लड़ने की रणनीति बनाई है। इसके तहत बूथ स्तर तक माइक्रो मैनेजमेंट का खाका तैयार किया जा रहा है, जिसमें हर वोटर तक पहुंचने और उसे मतदान केंद्र तक लाने की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

भाजपा संगठन ने जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेशभर में लगातार दौरे कर रहे हैं, वहीं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में सक्रिय करने में जुटे हैं।

पार्टी का मानना है कि लोकसभा चुनाव के बाद चले सदस्यता अभियान में जुड़े 2.52 करोड़ से अधिक सदस्य उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। भाजपा की योजना इन सदस्यों के साथ उनके परिवारों और समर्थकों को भी मतदान के दिन बूथ तक पहुंचाने की है। इसके लिए पुराने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का डेटा भी तैयार किया जा रहा है।

चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत 22 जुलाई को होने वाले बूथ सम्मेलन से होगी। प्रदेशभर के विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठनात्मक जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाएगा। बूथ सम्मेलन की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को सौंपी गई है, जबकि प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह और राहुल वाल्मीकि सह-संयोजक बनाए गए हैं।

उधर, वाराणसी में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने महिला कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास मजबूत महिला संगठन है, जबकि विपक्ष के पास जमीनी स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की कमी है।

भाजपा की यह रणनीति साफ संकेत देती है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कोई कसर छोड़ने के मूड में नहीं है और बूथ प्रबंधन को जीत की सबसे अहम कुंजी मानकर आगे बढ़ रही है।