BJP New State Incharges: स्मृति ईरानी से राम माधव तक, BJP ने बदले राज्यों के प्रभारी...पूरी लिस्ट
BJP New State Incharges: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार, 23 सितंबर 2026 को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है।

नई जिम्मेदारियों में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण राज्यों का प्रभार दिया गया है। स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़, सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना, जबकि विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। वहीं राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी मिली है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin ने विभिन्न राज्यों के निम्नलिखित प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्तियां की है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। https://t.co/S3as4bSf3q
— BJP (@BJP4India) September 23, 2026
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin ने विभिन्न राज्यों के निम्नलिखित प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्तियां की है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। https://t.co/S3as4bSf3q
— BJP (@BJP4India) September 23, 2026
किस नेता को मिली कौन सी जिम्मेदारी?
BJP की नई सूची में प्रमुख नियुक्तियां इस प्रकार हैं:
- स्मृति ईरानी – हरियाणा और छत्तीसगढ़
- सुनील बंसल – पश्चिम बंगाल और तेलंगाना
- विनोद तावड़े – उत्तर प्रदेश
- राम माधव – तमिलनाडु और उत्तराखंड
- अरविंद मेनन – उत्तराखंड के सह-प्रभारी
- बांसुरी स्वराज – उत्तराखंड की सह-प्रभारी
- हरिश द्विवेदी – बिहार
- गजेंद्र पटेल – झारखंड
उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े के साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी बनाया गया है।
पश्चिम बंगाल और तेलंगाना की जिम्मेदारी सुनील बंसल को
BJP ने संगठनात्मक स्तर पर सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना का प्रभारी बनाया है। वहीं पश्चिम बंगाल में उनके साथ लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का संगठनात्मक प्रभार दिया गया है। छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में BJP ने विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया है। उनके साथ चार सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक स्तर पर यह नियुक्ति महत्वपूर्ण है।
उत्तराखंड में 25 सितंबर को BJP कोर ग्रुप की बैठक
नई नियुक्तियों के बीच 25 सितंबर को उत्तराखंड BJP कोर ग्रुप की बैठक प्रस्तावित है। इसकी अध्यक्षता BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के संभावित उम्मीदवार के नाम पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा चुनाव से जुड़े संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर भी विचार किया जा सकता है।
16 अक्टूबर को राज्यसभा चुनाव
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश की 10, उत्तराखंड की 1 और पश्चिम बंगाल की 1 राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होगा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में नियमित चुनाव होंगे, जबकि पश्चिम बंगाल की सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। इस तरह कुल 12 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा।
राज्यसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल
| चुनाव कार्यक्रम | तारीख |
|---|---|
| अधिसूचना जारी | 29 सितंबर 2026 |
| नामांकन की अंतिम तारीख | 6 अक्टूबर 2026 |
| नामांकन पत्रों की जांच | 7 अक्टूबर 2026 |
| नामांकन वापसी की अंतिम तारीख | 9 अक्टूबर 2026 |
| मतदान | 16 अक्टूबर 2026 |
| मतदान का समय | सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक |
| मतगणना | 16 अक्टूबर 2026 |
2027 के विधानसभा चुनावों से पहले संगठन पर फोकस
BJP की नई नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं जब उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। पार्टी ने 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की हैं। इन नियुक्तियों के जरिए राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और केंद्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय के लिए नई जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।







