बंगाल चुनाव में दहशत फैलाने की कोशिश, मतदान केंद्र के नजदीक बमों का थैला बरामद
West Bengal Elections 2nd Phase Voting: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है और 11 बजे तक 39.97% वोटिंग हुई है. मतदान की रफ्तार देख ऐसा लग रहा है कि दूसरे फेज में भी मतदान का नया रिकॉर्ड बनेगा. मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं. इस दौरान कई जगह हिंसा और ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की खबरें भी सामने आ रही हैं. आज तय हो जाएगा कि पश्चिम बंगाल में अगली सरकार किसकी होगी.
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है. कोलकाता के अलावा जिन जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं. चुनाव के दूसरे चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है. चुनाव आयोग ने बताया कि इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता हैं. इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1, 57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ, ऐसे में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग की उम्मीद की जा रही है. दूसरे चरण की सबसे हॉट सीट भवानीपुर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने सुवेंदु अधिकारी मैदान में हैं. भवानीपुर सीट को नंदीग्राम की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था.
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए चुनाव आयोग ने कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं. सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं. इनके अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जवान भी सुरक्षा में लगाए गए हैं. पश्चिम बंगाल चुनाव की मतगणना 4 मई को होगी.
पश्चिम बंगाल में मतदान केंद्र के पास मिला बमों से भरा बैग
पूर्वी बर्धमान जिले के केतुग्राम विधानसभा क्षेत्र में दूसरे चरण के मतदान के दौरान, बिरूरी प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र के पास बमों से भरा एक बैग बरामद किया गया. केंद्रीय बलों ने विस्फोटकों को सुरक्षित कर लिया है और सीआईडी बम निरोधक दस्ते द्वारा उन्हें निष्क्रिय करने की तैयारी चल रही है.







