बिहार के बड़े अधिकारी को CBI ने लखनऊ में दबोचा! 10 लाख की रिश्वत मांगी, 3 लाख लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
Uttar Pradesh: भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार को गिरफ्तार किया है। सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने उन्हें लखनऊ के वृंदावन इलाके में 3 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोप है कि उन्होंने स्क्रैप ठेके से जुड़े काम को कराने के बदले एक कंपनी संचालक से 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत अधिकारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
लखनऊ और रायबरेली में छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम ने आरोपी अधिकारी के लखनऊ और रायबरेली स्थित ठिकानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी अब रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
पटना में संभाल रहे थे जिम्मेदारी
रमेश कुमार बिहार में रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पद पर तैनात थे। इसके साथ ही वह लिक्विडेटिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।







