Newshaat_Logo

दिल्ली के उपराज्यपाल से मिले सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष, यूपी में सिख समाज के लिए हुए कार्यों की दी जानकारी

 
दिल्ली के उपराज्यपाल से मिले सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष, यूपी में सिख समाज के लिए हुए कार्यों की दी जानकारी

UP News: दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के लखनऊ आगमन पर उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग के वरिष्ठ सदस्य और उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह ने छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ उनसे मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में सिख समाज से जुड़े कार्यों और सरकार की ओर से लिए गए निर्णयों की जानकारी साझा की गई।

सरदार परविंदर सिंह ने उपराज्यपाल को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सिख समाज के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के साथ गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों के विकास पर भी काम किया जा रहा है।

वीर बाल दिवस को लेकर पहल का किया जिक्र

मुलाकात के दौरान सरदार परविंदर सिंह ने वीर बाल दिवस के आयोजन से जुड़ी पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री के सामने चारों साहिबजादों की शहादत को सम्मान देने के लिए वीर बाल दिवस यानी साहिबजादा दिवस आयोजित करने का सुझाव रखा था। वर्ष 2018 में भी उन्होंने इस संबंध में आग्रह किया था।

उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस सुझाव को स्वीकार करते हुए लखनऊ से सरकारी स्तर पर इसके आयोजन की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आवास पर पहली बार गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश और कीर्तन-गुरबाणी का आयोजन भी कराया गया।

स्कूलों के पाठ्यक्रम में सिख गुरुओं का इतिहास शामिल होने की बात

सरदार परविंदर सिंह ने बताया कि प्रदेश में कक्षा 8, 9 और 10 के पाठ्यक्रम में श्री गुरु नानक देव जी, श्री गुरु तेग बहादुर जी, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और चारों साहिबजादों के इतिहास को शामिल किया गया है।

उन्होंने दावा किया कि वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रदेश के करीब तीन करोड़ विद्यार्थी भाषण, निबंध, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं। इससे विद्यार्थियों को सिख गुरुओं और साहिबजादों के इतिहास एवं बलिदान के बारे में जानकारी मिलती है।

करीब 100 कार्यक्रमों में सीएम की सहभागिता का दावा

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले वर्षों में सिख धर्म के गुरुओं के प्रकाश उत्सव, शहीदी पर्व और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों से जुड़े करीब 100 कार्यक्रमों में सहभागिता की है।

सरदार परविंदर सिंह के मुताबिक, उनके अनुरोध पर लखनऊ में खालसा चौक का निर्माण कराया गया। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न गुरुद्वारों के जीर्णोद्धार और विकास के लिए भी सरकार की ओर से धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिख समाज को राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में प्रतिनिधित्व देने की दिशा में भी कार्य किए गए हैं। साथ ही धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के जरिए सिख समाज की धार्मिक भावनाओं और इतिहास को सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है।

उपराज्यपाल को भेंट किया स्मृति-चिह्न

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल की ओर से श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित स्मृति-चिह्न उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू को भेंट किया गया। इस दौरान उन्हें शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित भी किया गया।

इसके अलावा गुरुद्वारा यहियागंज की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में भी सरदार परविंदर सिंह ने हिस्सा लिया। यहां प्रतिनिधिमंडल की ओर से उपराज्यपाल का स्वागत और अभिनंदन किया गया।

प्रतिनिधिमंडल में सरदार तरनजीत सिंह, सरदार हरप्रीत सिंह, सरदार चरणजीत सिंह होरा, सरदार कवलजीत सिंह और सरदार त्रिलोचन सिंह मौजूद रहे।

सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सिख समाज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सिख समाज से जुड़े कार्यों के लिए आभार व्यक्त करता है। उन्होंने सामाजिक समरसता, धार्मिक सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के लिए आगे भी सहयोग जारी रखने की बात कही।