Newshaat_Logo

लखनऊ में CJP का शक्ति प्रदर्शन आज, राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके पहुंचे; इको गार्डन में प्रदर्शन की मिली अनुमति

 
अभिजीत दीपके
UP News: सोशल मीडिया पर चर्चा में रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज राजधानी लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदर्शन से पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके गुरुवार देर रात पुणे से लखनऊ पहुंचे। उनके आगमन के साथ ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने इको गार्डन में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी है। कार्यक्रम को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा कर्मी हेलमेट, बुलेटप्रूफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर मुस्तैद हैं।

लखनऊ पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि उनका उद्देश्य लोकतांत्रिक तरीके से युवाओं की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली और पुणे की तरह लखनऊ में भी प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।

दीपके ने कहा कि संगठन किसी प्रकार की अराजकता या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने समर्थकों से भी संयम बनाए रखने और केवल मुद्दों पर केंद्रित रहने की अपील की।

सुबह से जुटने लगे युवा

इको गार्डन में सुबह से ही युवाओं का पहुंचना शुरू हो गया। कई प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रदर्शन में शामिल लोगों से शांति बनाए रखने और किसी राजनीतिक एजेंडे से दूर रहने की अपील की। उनका कहना है कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाना है।

कैसे हुई CJP की शुरुआत?

कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत एक न्यायिक टिप्पणी के बाद चर्चा में आई। पार्टी का दावा है कि बेरोजगार युवाओं और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए इस मंच का गठन किया गया। सोशल मीडिया पर तेजी से सक्रिय हुई पार्टी ने हाल के दिनों में कई ऑनलाइन अभियान भी चलाए हैं।

संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया था। पार्टी का दावा है कि उसे बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिल रहा है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

प्रशासन की नजर

लखनऊ में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन की अनुमति निर्धारित शर्तों के साथ दी गई है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

अब सभी की निगाहें इको गार्डन में होने वाले इस प्रदर्शन पर टिकी हैं, जहां बड़ी संख्या में युवाओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है।