अयोध्या पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, हनुमानगढ़ी में की पूजा, रामलला के दरबार में टेका माथा
UP News: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे और रामलला के दरबार में माथा टेककर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
हनुमानगढ़ी में मुख्यमंत्री ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उनका काफिला श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर पहुंचा। मंदिर के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जितेंद्र मिश्र ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
रामलला के दर्शन के बाद व्यवस्थाओं का लिया जायजा
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला का दर्शन और पूजन किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली।
मुख्यमंत्री ने परिसर की स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों से श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं, ऐसे में मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।
सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट रहीं। हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
मुख्यमंत्री का यह अयोध्या दौरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहा।







