Newshaat_Logo

सीएम योगी का पिछली सरकारों पर हमला, बोले- माफियाओं ने पूरे सिस्टम को बना लिया था बंधक

 
सीएम योगी का पिछली सरकारों पर हमला, बोले- माफियाओं ने पूरे सिस्टम को बना लिया था बंधक

 

UP News: उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और माफिया के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा। लखनऊ में UPPSC और UPSSSC द्वारा विभिन्न विभागों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों की व्यवस्था में बिचौलियों और माफिया का प्रभाव बढ़ गया था।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस दौर में अलग-अलग क्षेत्रों में बिचौलियों की भूमिका बढ़ी हुई थी, जिसका असर किसानों और युवाओं पर पड़ा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था ने प्रदेश में कई तरह के माफिया को जन्म दिया।

‘पूरे सिस्टम में पैदा हो गए थे माफिया’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली व्यवस्था में कहीं लैंड माफिया, कहीं कैटल माफिया और कहीं नकल माफिया सक्रिय थे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन गतिविधियों का सबसे ज्यादा असर प्रदेश की युवा ऊर्जा पर पड़ा और युवाओं के सामने आगे बढ़ने में कई तरह की चुनौतियां खड़ी हुईं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर अवसर देने पर जोर दिया है। इसी कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के लिए चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए।

‘आज यूपी माफिया और कर्फ्यू मुक्त’

कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त और कर्फ्यू मुक्त है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश दंगा मुक्त हुआ है और अब उत्तर प्रदेश ने अपनी पहचान एक ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में बनाई है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का प्रयास ऐसी व्यवस्था बनाने का है, जिसमें कानून का राज कायम रहे और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलें।

रोजगार पर भी बड़ा ऐलान

इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले छह महीनों में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि नियुक्ति की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती आयोग और बोर्ड राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त होकर काम करें तथा चयन प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी हो, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को बिना अनावश्यक देरी के नियुक्ति मिल सके.