CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- 2027 के बाद उपदेशक भी नहीं रह पाएंगे
UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्ती व्यवस्था को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। लखनऊ में UPPSC और UPSSSC से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में नौकरियों में बिचौलियों, भ्रष्टाचार और वसूली का बोलबाला था।
‘2027 के बाद उपदेशक भी नहीं रह पाएंगे’
मुख्यमंत्री ने चाचा-भतीजे की जोड़ी पर तंज कसते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले आज उपदेश दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के बाद वे उपदेशक की भूमिका में भी नहीं रह पाएंगे।
योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध और मेरिट आधारित बनाया है। उन्होंने दावा किया कि अब युवाओं को बिना बिचौलियों और राजनीतिक हस्तक्षेप के नियुक्तियां मिल रही हैं।
पिछली सरकारों पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में युवाओं के सामने रोजगार और पहचान का संकट खड़ा हुआ। उन्होंने कहा कि उस दौर में बेटियों की सुरक्षा, किसानों की स्थिति और प्रदेश की छवि खराब हुई थी।
उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को उत्सव प्रदेश के बजाय उपद्रवग्रस्त बना दिया था, जबकि मौजूदा सरकार ने कानून-व्यवस्था में सुधार किया है।
कार्यक्रम में 818 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री ने अगले छह महीनों में एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति-पत्र देने की बात कही।







