Newshaat_Logo

गोरखनाथ मंदिर में बच्चों से मिले CM योगी, चॉकलेट-खिलौने बांटकर जीता मासूमों का दिल

 
गोरखनाथ मंदिर में बच्चों से मिले CM योगी, चॉकलेट-खिलौने बांटकर जीता मासूमों का दिल

UP News: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन शनिवार की सुबह गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बच्चों के साथ बेहद सहज और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। मंदिर परिसर का भ्रमण करते समय उनकी नजर कुछ बच्चों पर पड़ी तो वह अचानक रुक गए और उन्हें अपने पास बुलाकर बातचीत करने लगे।

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उनके आसपास जुट गए। कुछ देर तक सीएम योगी ने बच्चों से बातें कीं और उनके साथ हंसी-मजाक किया। इसके बाद उन्होंने चॉकलेट मंगवाई और खुद एक-एक करके बच्चों को बांटने लगे। सीएम इस बात का भी ध्यान रखते दिखे कि कोई बच्चा चॉकलेट से वंचित न रह जाए।

झुनझुने ने खींचा बच्चे का ध्यान

इस दौरान छोटे बच्चों के लिए खिलौने भी मंगवाए गए। एक मासूम बच्चे के साथ मुख्यमंत्री योगी का खास पल देखने को मिला। उन्होंने बच्चे को झुनझुना बजाकर दिखाया, जिस पर बच्चा खिलखिलाकर हंस पड़ा। कुछ ही देर में बच्चे ने झुनझुना सीएम योगी के हाथ से लेकर अपने पास कर लिया।

मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति यह अपनापन नया नहीं है। जब भी वह गोरखपुर में रहते हैं, सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण और गोशाला का दौरा उनकी नियमित दिनचर्या का हिस्सा रहता है। इस दौरान बच्चों से मुलाकात होने पर वह उनके साथ सहजता से बातचीत करते और चॉकलेट-टॉफियां बांटते नजर आते हैं।

बच्चों के लिए गाड़ी में रहती हैं चॉकलेट-टॉफियां

बताया जाता है कि मुख्यमंत्री बनने से पहले से ही योगी आदित्यनाथ की गाड़ी में चॉकलेट और टॉफियों का डिब्बा रहता है। रास्ते में बच्चे मिलने पर वह उनसे बातचीत करने के साथ उन्हें चॉकलेट-टॉफियां देते हैं। यही वजह है कि बच्चों के बीच उनका यह सहज अंदाज खासा लोकप्रिय है।

गोरखनाथ मंदिर में भव्य तरीके से मनाई गई जन्माष्टमी

इससे पहले शुक्रवार की आधी रात गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन हुआ। श्रीकृष्ण के प्राकट्य के बाद मंदिर परिसर ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की’ और ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ जैसे मंगलगान से गूंज उठा।

गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को गोद में लेकर गर्भगृह से बाहर लाया। इसके बाद फूलों से सजे पालने में भगवान को विराजमान कर झुलाया और आरती की। अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं के बीच फलाहार और प्रसाद वितरित किया गया।

शिक्षक दिवस पर 81 शिक्षक होंगे सम्मानित

शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 81 शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। इनमें बेसिक शिक्षा के 61 और माध्यमिक शिक्षा के 15 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025 दिया जाएगा। वहीं माध्यमिक शिक्षा के पांच शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया जाएगा।