Newshaat_Logo

नौकरियों को लेकर CM योगी का बड़ा दावा, बोले- अगले 6 महीने में एक लाख से ज्यादा युवाओं को देंगे नौकरी

 
नौकरियों को लेकर CM योगी का बड़ा दावा, बोले- अगले 6 महीने में एक लाख से ज्यादा युवाओं को देंगे नौकरी

UP News: उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों और युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधा। लखनऊ में UPPSC और UPSSSC समेत विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित करने के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग खुद कुछ नहीं कर पाए, वही अब सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रोजगार के अवसरों को लेकर सरकार की ओर से लगातार नियुक्तियां की जाएंगी।

‘अगले 6 महीने में एक लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी’

सीएम योगी ने दावा किया कि अगले छह महीनों में एक लाख से कम नहीं, बल्कि उससे अधिक युवाओं को नौकरी देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नियुक्ति-पत्र मिलने का सिलसिला जारी रहेगा और आने वाले महीनों में अलग-अलग भर्ती प्रक्रियाओं के परिणाम सामने आएंगे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “गिनते जाएं, हम एक लाख युवाओं से कम नहीं, उससे ज्यादा को नियुक्ति-पत्र देने जा रहे हैं।” उनके अनुसार, सरकार का जोर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर है। 

2017 से पहले की भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल

योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उस समय आयोग के अध्यक्ष पद पर ऐसे व्यक्ति को नियुक्त किया गया था, जो उनके अनुसार उस पद के लिए योग्य नहीं था।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बाद में मामला सामने आने पर न्यायालय को भी हस्तक्षेप करना पड़ा और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं की वजह से प्रदेश के युवाओं के सामने अपनी पहचान और भविष्य को लेकर संकट खड़ा हुआ।

भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता का किया जिक्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुई नियुक्तियों को पारदर्शी प्रक्रिया से जोड़ते हुए कहा कि भर्ती आयोगों और बोर्डों को राजनीतिक प्रभाव से अलग रखकर काम करना चाहिए। इससे पहले भी मुख्यमंत्री अलग-अलग मौकों पर अपनी सरकार के कार्यकाल में हुई सरकारी नियुक्तियों का आंकड़ा सामने रख चुके हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है और आने वाले महीनों में नियुक्तियों की प्रक्रिया और तेज की जाएगी।