लखनऊ में ताज पैलेस के उद्घाटन पर CM योगी का बड़ा संदेश- ‘बड़ा सोचो, यूपी जैसा सोचो’, बोले- अब यूपी से आगे कोई नहीं
UP News: उत्तर प्रदेश में पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और निवेश के बढ़ते दायरे के बीच राजधानी लखनऊ को एक और बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोमतीनगर के विभूति खंड में होटल ताज पैलेस का उद्घाटन किया। फीता काटने और दीप प्रज्ज्वलन के बाद मुख्यमंत्री ने होटल का निरीक्षण किया और इसकी सुविधाओं का जायजा लिया।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने विकास की नई सोच का मंत्र देते हुए कहा- ‘थिंक बिग, थिंक लाइक यूपी’ यानी बड़ा सोचो, यूपी जैसा सोचो। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीते साढ़े नौ वर्षों में अपनी संभावनाओं को पहचानते हुए विकास की नई दिशा तय की है और आज प्रदेश देश के प्रमुख निवेश एवं पर्यटन केंद्रों में शामिल हो चुका है।
‘उत्तर प्रदेश में बसती है भारत की आत्मा’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारत की आत्मा बसती है। अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, भगवान बुद्ध से जुड़े प्रमुख स्थल और जैन तीर्थ इस प्रदेश की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत को समृद्ध बनाते हैं। गंगा, यमुना और सरयू जैसी नदियां भी प्रदेश की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक प्रदेश की इन संभावनाओं को नजरअंदाज किया गया, लेकिन पिछले वर्षों में सरकार ने विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ने का काम किया है।
‘हॉट लैंड ऑफ इंडिया’ बन रहा यूपी
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’ वाला प्रदेश है और इसकी धरती ‘हॉट लैंड ऑफ इंडिया’ है। उन्होंने पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश की बढ़ती उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 में यूपी पर्यटन के मामले में देश में तीसरे स्थान पर था, जबकि वर्ष 2025 में करीब 156 करोड़ पर्यटकों ने प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का दौरा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश को लेकर देश-दुनिया की सोच बदली है। इसी बदलाव का परिणाम है कि बड़े होटल समूह यहां निवेश कर रहे हैं और नए हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट सामने आ रहे हैं।
लखनऊ में ताजमहल और ताज पैलेस दोनों
सीएम योगी ने बताया कि ताज समूह का पहला होटल वर्ष 1903 में मुंबई में शुरू हुआ था। इसके बाद दिल्ली में भी ताज समूह की मौजूदगी बढ़ी। अब लखनऊ देश का तीसरा ऐसा शहर है, जहां ताजमहल और ताज पैलेस दोनों होटल मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि लखनऊ अपनी ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और खानपान के लिए जाना जाता है। यूनेस्को की ओर से लखनऊ को ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ के रूप में मान्यता मिलना भी इसकी विशिष्ट पहचान को दर्शाता है।
181 कमरे, 10 हजार वर्गफुट का बैंक्वेट हॉल
मुख्यमंत्री ने ताज पैलेस की सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि होटल में 181 कमरे और सुइट्स हैं। इसके अलावा करीब 10 हजार वर्गफुट का पिलरलेस बैंक्वेट हॉल और भव्य प्रेसिडेंशियल सुइट भी मौजूद है। ऐसे इंफ्रास्ट्रक्चर से लखनऊ में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन, समारोह और बड़े आयोजनों को बेहतर मंच मिलेगा।
जापानी प्रतिनिधिमंडल होगा होटल का पहला अतिथि
सीएम योगी ने यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट का जिक्र करते हुए कहा कि जापान का प्रतिनिधिमंडल ताज पैलेस लखनऊ का पहला अतिथि बनेगा। उन्होंने कहा कि जापान के उद्योग जगत ने ग्रीन हाइड्रोजन, आधुनिक तकनीक, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ऑटोमोबाइल सहित कई क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है।
होटल से सीधे 600, सप्लाई चेन से सैकड़ों लोगों को रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर का असर केवल एक परियोजना तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरी सप्लाई चेन को रोजगार मिलता है। ताज पैलेस से करीब 600 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने के साथ ही सैकड़ों अन्य लोग अप्रत्यक्ष रूप से इससे जुड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि ऐसे निवेश प्रदेश में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर का नया इकोसिस्टम तैयार करने में मदद करते हैं।
एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट तक बदल चुका है यूपी
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब 17 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत है। कई शहरों में मेट्रो सेवा संचालित हो रही है और प्रदेश में रैपिड रेल तथा इनलैंड वाटरवे जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाएं भी विकसित हुई हैं।
उन्होंने ओडीओपी का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए उत्तर प्रदेश से करीब दो लाख करोड़ रुपये का निर्यात हो रहा है और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
2030 तक वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को वर्ष 2029-30 तक वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए हॉस्पिटैलिटी, पर्यटन और सेवा क्षेत्र में भी विश्वस्तरीय सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
सीएम ने होटल प्रबंधन से स्थानीय खानपान और संस्कृति को भी बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने अवध के व्यंजनों के साथ पूर्वांचल के बाटी-चोखा, सत्तू और मिलेट्स जैसे स्थानीय उत्पादों को होटल के मेन्यू में प्रमुखता देने की बात कही।
समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, राज्यसभा सांसद संजय सेठ, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री कृपाशंकर सिंह, होटल ताज पैलेस लखनऊ के एमडी अनिल सिंह समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।







