गोरखपुर के BRD मेडिकल कॉलेज को लेकर CM योगी का बड़ा बयान, बोले- कभी खुद बीमार था, आज बना प्रमुख चिकित्सा केंद्र
UP News: IMA चैरिटेबल ब्लड सेंटर के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में आए बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक गोरखपुर की पहचान अलग तरह की चुनौतियों से जुड़ी थी, लेकिन आज यहां स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने खास तौर पर इंसेफ्लाइटिस का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 7-8 साल पहले इसी मौसम में पूर्वी उत्तर प्रदेश के माता-पिता अपने बच्चों को लेकर चिंतित रहते थे। उन्हें डर रहता था कि कहीं उनका बच्चा इंसेफ्लाइटिस की चपेट में न आ जाए।
कभी BRD मेडिकल कॉलेज पर इलाज का था बड़ा दबाव
सीएम योगी ने कहा कि उस समय BRD मेडिकल कॉलेज पूर्वी उत्तर प्रदेश में इलाज का प्रमुख केंद्र था। सीमित संसाधनों और सुविधाओं के बीच बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज यहां होता था, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर काफी दबाव रहता था।
उन्होंने कहा कि समय के साथ BRD मेडिकल कॉलेज की तस्वीर बदली है। आज यहां सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं उपलब्ध हैं और इंसेफ्लाइटिस के इलाज के साथ-साथ कई अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए भी यह महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।
‘जो मेडिकल कॉलेज खुद बीमार था, आज प्रमुख केंद्र बन गया’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय ऐसा था जब BRD मेडिकल कॉलेज खुद कई समस्याओं और संसाधनों की कमी से जूझ रहा था। आज वही संस्थान विकसित होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्रों में शामिल हो गया है।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं में सुधार से पूरे क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है।







