CM Yogi का अपराधियों को खुला संदेश! बोले- कानून से खिलवाड़ किया तो खैर नहीं
Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर में कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी ने कानून के साथ खिलवाड़ करने या लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने की कोशिश की तो सरकार उससे सख्ती से निपटेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश माफियामुक्त हो चुका है और यदि कोई दोबारा सिर उठाने की कोशिश करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम योगी ने यह बात वार्ड नंबर 80, राप्ती नगर के अंतर्गत बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम सहित गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) और नगर निगम की 130.73 करोड़ रुपये की लागत वाली 170 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद आयोजित कार्यक्रम में कही।
अपराधियों को सीएम योगी की दो टूक चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब उपद्रव, अराजकता और गुंडागर्दी का माहौल नहीं है, बल्कि लोगों को सुरक्षा का वातावरण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें विकास, रोजगार और उत्सवपूर्ण माहौल पसंद नहीं है, वे जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करते हैं। मुख्यमंत्री ने जनता से ऐसे लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार किसी गरीब, दलित या वंचित के उत्पीड़न और शोषण को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
माफिया के साथ इंसेफेलाइटिस पर भी काबू पाने का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में माफिया के खिलाफ कार्रवाई के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस की समस्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करीब एक दशक में माफिया के खिलाफ कार्रवाई के साथ मच्छरजनित बीमारी इंसेफेलाइटिस की समस्या के समाधान पर भी काम किया गया।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस के कारण भय का माहौल रहता था। उन्होंने कहा कि सांसद रहते हुए उन्होंने इस मुद्दे को सदन से सड़क तक उठाया और मुख्यमंत्री बनने के बाद इसके समाधान के लिए काम किया।
अगले एक साल में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के रोजगार और महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि अगले एक साल में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए हर जिले में सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं। यहां कौशल के साथ रोजगार की गारंटी देने का लक्ष्य है।
50 हजार छात्राओं को स्कूटी देने की घोषणा
सीएम योगी ने बेटियों और महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अगले दो महीनों में स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भी उल्लेख किया। सीएम के अनुसार, अब तक इस योजना के तहत पांच लाख बेटियों की शादी हो चुकी है और प्रत्येक बेटी की शादी के लिए सरकार की ओर से एक लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की योजना का भी उल्लेख किया।
रक्षाबंधन पर 60 लाख से ज्यादा महिलाओं ने की निशुल्क यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 60 लाख से अधिक महिलाओं ने निशुल्क बस यात्रा का लाभ उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं तभी संभव होती हैं, जब सरकार के पास पर्याप्त संसाधन और मजबूत वित्तीय व्यवस्था हो।
गोरखपुर में विकास कार्यों का किया जिक्र
सीएम योगी ने वर्ष 2017 के बाद गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार की समस्याएं थीं, लेकिन अब शहर में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर में सिक्सलेन फ्लाईओवर और फोरलेन सड़कों का विस्तार हुआ है। स्मार्ट सड़कों, ट्रैफिक और स्वच्छता की निगरानी के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी सेवाओं, गोरखपुर एम्स, खाद कारखाने के संचालन और शहर में विश्वविद्यालयों के संचालन का भी जिक्र किया। उन्होंने रामगढ़ताल के विकास और गोरखपुर को पर्यटन हब के रूप में विकसित होने की बात कही।
सीएम ने गोड़धोइया नाला परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे शहर के उत्तरी हिस्से में जलजमाव की समस्या से राहत मिली है।
बशारतपुर कल्याण मंडपम में 300 से 500 लोगों की क्षमता
बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का निर्माण 2593 वर्गमीटर भूमि पर 3.10 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। दो मंजिला यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और इसमें 300 से 500 लोगों के आयोजन की क्षमता है।
भूतल पर हॉल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। प्रथम तल पर एक हॉल, अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम सहित छह कमरे हैं।
परिसर में फव्वारा, पार्किंग और लॉन की भी व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दर पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
रविकिशन बोले- सुरक्षा, विकास और रोजगार के साथ सुविधा भी
कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार सुरक्षा, विकास और रोजगार के साथ लोगों को सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच समाज के हर पात्र व्यक्ति को बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनना तय है।
130.73 करोड़ की 170 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में कुल 130.73 करोड़ रुपये की लागत वाली 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
लोकार्पित प्रमुख परियोजनाएं
- बशारतपुर कल्याण मंडपम — 3.10 करोड़ रुपये।
- GDA की ओर से पार्क, सड़क, नाली और लाइटिंग से जुड़े 14 कार्य — 7.74 करोड़ रुपये।
- नगर निगम की ओर से पाइपलाइन विस्तार, नलकूप और इंडिया मार्क-टू हैंडपंप रीबोरिंग के 29 कार्य — 39.90 करोड़ रुपये।
- बाढ़ और जलभराव से राहत के लिए पंपिंग स्टेशनों की क्षमता वृद्धि एवं सुदृढ़ीकरण — 30.09 करोड़ रुपये।
इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
- GDA की ओर से पार्क सुंदरीकरण और CCTV कैमरा स्थापना समेत 15 कार्य — 2.74 करोड़ रुपये।
- नगर निगम की ओर से 41 सड़कों और नालियों का निर्माण — 11.92 करोड़ रुपये।
- 47 पार्कों का सुंदरीकरण — 7.60 करोड़ रुपये।
- नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन — 5.07 करोड़ रुपये।
- पथ प्रकाश से जुड़े 7 कार्य — 5.57 करोड़ रुपये।
- पेयजल और जलभराव की समस्या दूर करने से जुड़े 13 कार्य — 16.99 करोड़ रुपये।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर कल्याण मंडपम का उद्घाटन किया। उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया और बाद में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।







