Newshaat_Logo

CM योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- किसानों, युवाओं और गरीबों के नाम पर राजनीति बंद करे विपक्ष

 
CM योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- किसानों, युवाओं और गरीबों के नाम पर राजनीति बंद करे विपक्ष

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानमंडल लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण मंच है, जहां जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह नकारात्मक राजनीति छोड़कर प्रदेश के विकास और 25 करोड़ लोगों के हित में रचनात्मक भूमिका निभाए।

राम मंदिर पर विपक्ष को घेरा

सीएम योगी ने अयोध्या राम मंदिर को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज मंदिर के चढ़ावे पर सवाल उठाने वाले वही लोग हैं, जिन्होंने कभी भगवान श्रीराम के नाम का विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण को रोकने के लिए अदालतों में कानूनी लड़ाई लड़ी गई और रामभक्तों पर लाठी-गोली तक चलवाई गई। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में जिन्होंने एक रुपये का भी योगदान नहीं दिया, वही आज अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।

किसानों के मुद्दे पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के समय किसानों को सिंचाई, फसल का उचित मूल्य और समय पर भुगतान जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता था। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना समेत कई योजनाओं का लाभ किसानों को मिल रहा है। इसके चलते उत्तर प्रदेश में लाखों हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि सिंचित हुई है और किसान अब साल में कई फसलें उगा रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान किसानों के खातों में कराया है। अधिकांश चीनी मिलें कुछ ही दिनों के भीतर भुगतान कर रही हैं, जबकि पहले किसानों को वर्षों तक इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के 16 लाख से अधिक ट्यूबवेलों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। खाद वितरण में कहीं तकनीकी दिक्कत आने की बात स्वीकार करते हुए उन्होंने अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

युवाओं और विकास पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने वाले छात्रों और रोजगार की तैयारी कर रहे युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की मात्र 11 प्रतिशत कृषि भूमि देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में 21-22 प्रतिशत योगदान दे रही है, जो किसानों की मेहनत और सरकार की नीतियों का परिणाम है।

शांतिपूर्ण और सार्थक सत्र की अपील

सीएम योगी ने कहा कि मॉनसून सत्र प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी दलों से सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने और जनता से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करने की अपील की। उनका कहना था कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है और सदन का समय विकास के मुद्दों पर ही खर्च होना चाहिए।