Newshaat_Logo

कॉकरोच पार्टी का आज जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, 250 ट्रेनें रद्द, 45 मेट्रो स्टेशन बंद, पुलिस ने नहीं दी परमिशन

दिल्ली में आज कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के प्रदर्शन के ऐलान के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है
 
कॉकरोज जनता पार्टी

दिल्ली में आज कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के प्रदर्शन के ऐलान के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। जानकारी के मुताबिक, CJP ने 7 अक्टूबर को प्रदर्शन की सूचना दी थी, जबकि निर्धारित नियमों के अनुसार किसी बड़े प्रदर्शन के लिए कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना जरूरी है। ऐसे में अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं।

प्रदर्शन को लेकर जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, जनपथ रोड और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दावा किया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 38 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें सीमा सुरक्षा बल यानी BSF के जवान भी शामिल हैं। पुलिस की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

वहीं, राजधानी में यातायात और सार्वजनिक परिवहन पर भी असर पड़ने की जानकारी सामने आई है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वाली 250 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के रद्द रहने की बात कही गई है। इसके अलावा 45 मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने और 10 डिटेंशन सेंटर बनाए जाने का भी दावा किया गया है।

इतना ही नहीं, इंडिया गेट के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखने की बात कही गई है।

फिलहाल, प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों पर सबकी नजर है। हालांकि, ट्रेनों, मेट्रो स्टेशनों और इंटरनेट सेवाओं से जुड़ी इन व्यवस्थाओं की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है।