Newshaat_Logo

कांग्रेस का सुप्रीम कोर्ट मार्च आज, राहुल गांधी का नारा- ‘दिल्ली चलो’; CEC के इस्तीफे और SIR रद्द करने की मांग

कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक की विपक्षी पार्टियां आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगी। इसे 'चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी' नाम दिया गया है
 
Rahul Gandhi

कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक की विपक्षी पार्टियां आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगी। इसे 'चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी' नाम दिया गया है। विपक्षी नेता दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड जंक्शन पर जुटेंगे। इससे पहले राहुल गांधी थोड़ी देर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। सुप्रीम कोर्ट तक ऐसा मार्च पहली बार निकाला जा रहा है।

चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने विपक्षी नेताओं से मिलने से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने मुलाकात की मांग वाले पत्र का जवाब कल रात ही दे दिया था और कारण भी बताए थे। राहुल गांधी ने रविवार को उनसे मिलकर ज्ञापन सौंपने का समय मांगा था।

विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR पर रोक और बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहा है। वह 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और मारपीट का भी विरोध कर रहा है। प्रदर्शन के चलते जनपथ, मंडी हाउस समेत दिल्ली के 6 मेट्रो स्टेशन बंद हैं।

विपक्षी नेताओं से न मिलने के फैसले पर कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार ने कहा, 'देश में लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए। अगर इलेक्शन कमीशन नहीं मिल रहा तो प्रधानमंत्री को उन्हें बुलाकर समस्या पूछनी चाहिए। ऐसी स्थिति में CJI से अनुरोध करने का कोई विकल्प नहीं था।

उन्होंने कहा, "इस मुद्दे पर अदालतें बंद रही हैं और कोर्ट आम जनहित याचिकाओं में दखल नहीं देना चाहता। हम हर तरह से देश में लोकतंत्र और हर नागरिक के वोट देने के अधिकार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। लोकतंत्र में सब संभव है।'