Newshaat_Logo

लाइब्रेरियन बहाली को लेकर दिल्ली में उठी आवाज: बिहार में जल्द परीक्षा कराने की मांग तेज

 
लाइब्रेरियन बहाली को लेकर दिल्ली में उठी आवाज: बिहार में जल्द परीक्षा कराने की मांग तेज
Newshaat Desk: बिहार में लंबे समय से लंबित लाइब्रेरियन बहाली को लेकर अब राष्ट्रीय स्तर पर आवाज बुलंद होने लगी है। राजधानी दिल्ली में भारतीय पुस्तकालय संघ के कार्यालय में ऑल बिहार ट्रेंड लाइब्रेरियन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने पहुंचकर अहम ज्ञापन सौंपा।

तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने संघ के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप राय और डॉ. ओ. एन. चौबे से मुलाकात कर बिहार में लाइब्रेरियन बहाली प्रक्रिया को जल्द शुरू कराने की मांग रखी।

ज्ञापन में खास तौर पर हाई स्कूलों में लंबित लाइब्रेरियन भर्ती के लिए पात्रता परीक्षा (Eligibility Test) को अविलंब आयोजित कराने पर जोर दिया गया। साथ ही विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में भी लाइब्रेरियन नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई।

इस मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए भारतीय पुस्तकालय संघ ने भी पहल करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखा है। पत्र में लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य का हवाला देते हुए जल्द से जल्द पात्रता परीक्षा आयोजित कराने का आग्रह किया गया है।

प्रतिनिधिमंडल में बिहार लाइब्रेरी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विकास चंद्र सिंह, खुदा बख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी के लाइब्रेरियन अफरोज अहमद और जिला अध्यक्ष डॉ. जयेश कुमार शामिल रहे।

इस पहल के बाद अब नजरें बिहार सरकार पर टिकी हैं कि वह लाइब्रेरियन बहाली को लेकर कब ठोस कदम उठाती है। फिलहाल, यह मुद्दा अभ्यर्थियों के बीच एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।